आगरालीक्स…आगरा में सड़क पर थूकने पर 50 रुपये जुर्माना. इन क्षेत्रों और इन मार्गों पर आज नगर निगम ने थूकने पर वसूला जुर्माना. पीक मारने वालों के उड़ गए होश, आप भी हो जाएं सतर्क
आगरा में सड़क पर थूकने वाले और तम्बाकू या पान खाकर पीक थूकने वालों पर एक्शन लेना शुरू कर दिया गया है. नगर निगम की टीम द्वारा इसको लेकर अनाउंसमेंट भी किया जा रहा है और आज ऐसे लोगों से जुर्माना भी वसूला गया. नगर निगम की ओर से की गई इस कार्रवाई से सड़क पर थूकने वालों के होश उड़ गए. उन्होंने पहले तो जुर्माना देने में आना—काना की लेकिन टीम द्वारा हड़काए जाने पर जुर्माना वसूला गया और उन्हें आगे ऐसा न करने की चेतावनी भी दी गई. ऐसे में अगर आप भी सड़क पर थूकते हैं तो इस जुर्माने के चक्कर में आ सकते हैं.

आगरा में जी 20 सम्मेलन को लेकर शहर को सजाया और संवारा जा रहा है. खेरिया एयरपोर्ट से लेकर ताजगंज तक के वीआईपी मार्ग को पूरी तरह से सुंदर किया जा रहा है और इस पूरे मार्ग पर नगर निगम की ओर से रोजाना साफ सफाई भी की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा इस मार्ग पर तम्बाकू थूकने के कारण गंदगी हो रही है. इसको गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने अब तम्बाकू थूकने वालों से जुर्माना वसूलना शुरू किया गया है. इसके लिए सबसे अपने अनाउंसमेंट कराकर लोगों से सड़क पर न थूकने को कहा जा रहा है, इसके अलावा सड़क पर थूकने वालों से 50 रुपये जुर्माना वसूलने की चेतावनी भी दी जा रही है. आज से जुर्माना वसूला शुरू कर दिया गया है.
संजय प्लेस मार्केट का अगला नंबर
नगर निगम की ओर से अभी वीआईपी रूट पर जुर्माना वसूलने की इस कार्यवाही के बाद अगला एरिया संजय प्लेस मार्केट है. निगम की ओर से जल्द ही सड़क पर तम्बाकू थूकने वालों पर जुर्माना वसूला जाएगा.