आगरालीक्स…आगरा के खेरिया हवाई अड्डे के लिए रनवे, टैक्सी ट्रैक को पर्यावरणीय मंजूरी का इंतजार…इन विभागों से भी लेनी होगी अनुमति, तभी शुरू होगा काम…
मण्डल आयुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को ताज ट्रेपेजियम जोन प्राधिकरण की 65वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न हुई। प्राधिकरण की गत 64वीं बोर्ड बैठक की पुष्टि की गयी। इसके बाद जनपद आगरा में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, सिविल एयर टर्मिनल द्वारा प्रस्तावित रनवे, टैक्सी ट्रैक और एयरक्राफ्ट पार्किंग क्षेत्र के विस्तारीकरण तथा रनवे और टैक्सी ट्रैक के कनैक्टिंग आदि हेतु टीटीजेड प्राधिकरण की अनुमति प्रदान किए जाने के सम्बन्ध में प्रस्ताव रखा गया।
डीजीएम सिविल द्वारा अवगत कराया गया कि इस सम्बन्ध में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं आगरा विकास प्राधिकरण से एनओसी प्राप्त हो चुकी है। परियोजना शुरू करने हेतु पर्यावरणीय मंजूरी प्राप्त करने की प्रक्रिया में है। विस्तृत चर्चा के उपरांत आयुक्त महोदय ने इस प्रस्ताव को इस प्रतिबंध के साथ सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की कि नीरी सहित अन्य सभी सम्बन्धित विभागों से अनुमति/मंजूरी प्राप्त करने के बाद ही कार्य शुरू किया जाएगा।
जनपद मथुरा यमुना नदी के घाटों का विकास एवं पुनरोद्धार के कार्य की परियोजना के क्रियान्वयन हेतु टीटीजेड प्राधिकरण की अनुमति प्रदान किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। इस परियोजना को राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा स्वीकृति दी जा चुकी है। परियोजना के क्रियान्वयन का उद्देश्य, पर्यावरण पर प्रभाव इत्यादि की समीक्षा तथा विभिन्न विभागों द्वारा जारी की गयीं अनापत्तियों की समीक्षा के उपरांत आयुक्त महोदय द्वारा उपरोक्त प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गयी। साथ ही निर्देश दिए कि इस परियोजना में सीएंडडी वेस्ट मैनेजमेंट रूल का पूर्णतः पालन करते हुए किसी भी प्रकार का ठोस अपशिष्ट नदी में न जाए, जो अपशिष्ट निकले उसका समुचित निस्तारण किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व श्रीमती शुभांगी शुक्ला, श्री विश्वनाथ शर्मा क्षेत्रीयअधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अलीगढ़, जलकल जीएम श्री अरूणेन्द्र राजपूत, टाॅउन प्लानर श्रीमती रिचा कौशिक, एनएचएआई से श्री लोकेश शर्मा, फाॅरेस्ट रेंजर श्री गिरिजेश तिवारी आदि मौजूद रहे।