आगरालीक्स…आगरा में पड़ रही मई-जून वाली गर्मी. तापमान बढ़ा. अगले चार दिन भीषण गर्मी. जानिए बारिश के कब बन रहे हैं चांस और कब मिलेगी गर्मी से राहत…
महीना भले ही सितंबर का चल रहा हो लेकिन गर्मी इस समय ऐसी पड़ रही है जैसे कि मई और जून का महीना चल रहा हो. सुबह से ही चिलचिलाती धूप निकल आती है और दोपहर को तो धूप का प्रभाव इतना अधिक होता है कि एक पल भी ठहरना मुश्किल होता है. सुबह से शाम तक लोग गर्मी से परेशान हो रहे हैं. रात को भी राहत नहंी मिल रही है. तेज धूप निकलने से आगरा का तापमान भी बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को आगरा का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगरावासियों को अभी आने वाले चार दिन भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है. अधिकतम तापमान जहां 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है तो वहीं न्यूनतम तापमान के 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है.
बारिश को लेकर मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 11 और 12 सितंबर को आगरा में बारिश हो सकती है. इसके बाद लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने की संभावना है.