आगरालीक्स..आगरा में युवती के मर्डर का सनसनीखेज खुलासा. पति को पसंद नहीं करती थी, दूसरा युवक था पसंद…इसलिए पिता, पति और देवर ने पीट—पीट मार डाला…सड़क किनारे फेंकी थी लाश
आगरा के थाना खेरागढ़ क्षेत्र में मिली युवती की लाश और इस मर्डर का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है.युवती के पिता, पति और देवर ने ही मिलकर युवती सुनीता की पीट—पीटकर हत्या कर दी थी और लाश को यहां सड़क किनारे फेंक गए थे. शनिवार सुबह जब लोगों ने युवती की लाश को देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने सबसे पहले मृतक युवती की पहचान सुनीता के रूप में की जो कि धौलपुर की रहने वाली थी फिर इस हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया.राजस्थान धौलपुर के सीमावर्ती गांव नवाब बसई में रहने वाली 25 साल की युवती की खून से लथपथ लाश खेरागढ़ के भोजपुर गांव में सड़क किनारे मिली थी. पुलिस ने शिनाख्त कर उसके पिता कोमल सिंह को बुलाया और जानकारी की. पिता ने बताया कि बेटी एक दिन शाम से लापता थी. पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में लगी थी कि रात्रि करीब ग्यारह बजे मृतका की बहन पूजा ने थाना कोलारी पहुंच अपने पिता कोमल सिंह, सुनीता के पति पवन और देवर जल सिंह पर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया.
पवन को पसंद नहीं करती थी सुनीताथानाध्यक्ष कोलारी ने बताया कि मृतका सुनीता और उसकी दो बड़ी बहनों की शादी गांव सालेहनगर बरबर में हुई थी. एक बड़ी बहन पूजा ने पति से तलाक लेकर दूसरी जगह शादी कर ली थी और वह आगरा रह रही थी सुनीता की अपने पति से अनबन रहती थी. वह पवन को पसंद नहीं करती थी. 24 मई को पति सुनीता को अपने साथ लखनऊ ले जा रहा था लेकिन कैंट स्टेशन पर दोनों में झगड़ा हो गया और सुनीता आगरा में अपनी बड़ी बहन पूजा के यहां चली आई.
30 मई को पूजा सुनीता को नवाब बसई माता पिता के घर छोड़ गई. तभी शनिवार की रात नबाब बसई पहुंचे सुनीता के पति पवन और देवर जल सिंह ने सुनीता के पिता कोमल सिंह के साथ मिलकर सुनीता की बेरहमी से पिटाई कर दी और गला कस दिया जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद तीनों बाइक पर शव को रखकर खेरागढ़ क्षेत्र में फेंक आए. थानाध्यक्ष ने कहा कि जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार सुनीता के संबंध ससुराल में ही पति पवन के परिवार के एक युवक से थे ओर उसी से शादी करना चाहती थी. पिता कोमल सिंह और पति दोनों ही इसको लेकर सुनीता से नाराज थे.