आगरालीक्स…आगरा में महाशिवरात्रि पर निकली शिव बारात, ओघड़ फक्कड़ दूल्हा बन महादेव चले गणाें संग पार्वती ब्याहने को. झूमे भक्त, सैंकड़ों स्थानों पर स्वागत. कल पांच निर्धन बेटियों का होगा विवाह
आगरा। बड़ा शाेर मच गया है, घाेड़े और हाथी गरज रहे हैं, बारात में बाजे बज रहे हैं, देवता और मनुष्य मंगलायन कर रहे हैं, रसीले राग से शहनाइ बज रही है। शिव बारात कुछ यूं बनी हैं कि उसका वर्णन करते नहीं बन रहा। चहुं दिशाओं में सुंदर और शुभदायक शगुन हो रहे हैं। देवों के देव महादेव को दूल्हे के रूप में देख देव सुंदरियां भी फूल बरसाकर गीत गा रही हैं। देवता तक नगाड़े बजा रहे हैं, राजा हिमावन भगवान आशुतोष की बारात के स्वागत सत्कार को आतुर हैं किंतु भूत, प्रेत, गणों को देख हिमालय की नारियां हुयीं हैरान हैं…अपलक निहारता ये दृश्य बन रहा था भावना एस्टेट से केके नगर, अमर विहार तक का।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा चार दिवसीय शिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत शिव बारात निकाली गयी। नील फ्लोरेंस, भावना एस्टेट से शिव बारात की निकासी हुयी। प्रथम पूज्य गणपति की सवारी के साथ बारात में राम मंदिर, अयोध्या, लक्ष्मी नारायण आदि की सवारियां और भोलेनाथ के गण विविध वेश में साथ साथ चल रहे थे। भस्म रमाते भूत, प्रेत और पिशाचों की टोलियां हर किसी का ध्यान आकर्षित कर रही थीं तो वहीं जटाधारी महादेव के डोले पर बैठे ध्यानमय स्वरूप को देख लोग श्रद्धा से नतमस्तक हो रहे थे। बैंड बाजे के साथ निकली शिव बारात का पूरे मार्ग में दर्जनों स्थानों पर स्वागत सत्कार हुआ और प्रसादी वितरित की गयी।
महादेव की बारात के साथ-साथ मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और नितिन कोहली भी चले।
अध्यक्ष अविनाश राणा ने बताया कि श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा चार दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन किया गया है। महोत्सव के दूसरे दिन शिव बारात भव्यता के साथ निकाली गयी। पीत वस्त्रों में भक्तों ने महादेव की बारात में सहभागिता की। आस्था का ज्वार सुबह से सायंकाल तक उमड़ता रहा। बम भाेले की गूंज से बारात यात्रा मार्ग गुंज्जारित होता रहा।
संस्थापक आशीष सक्सेना ने बताया कि लगातार तीसरे वर्ष ये भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस बार आयोजन में पांच निर्धन कन्याओं का घर बसाने का भी संकल्प है। इसी क्रम में 27 फरवरी, दिन गुरुवार को आस्था पैलेस, भावना एस्टेट के पास पर पांच कन्याओं का विवाह धूमधाम के साथ संपन्न होगा। पांच दूल्हे एक साथ बारात लेकर विवाह स्थल पहुंचेंगे जहां स्थानीय महिलाओं सहित समिति की सदस्याएं स्वागत करेंगी। गृहस्थी का सामन सहित शुभ आशीष देकर बेटियों को विदा किया जाएगा। इसके बाद अगले दिन शुक्रवार को अमर विहार, केके नगर पर भोलेनाथ की खप्पर प्रसादी के साथ महोत्सव का समापन होगा।
शिव बारात की व्यवस्थाएं संरक्षक राजेश खुराना, संजय मिश्रा, महामंत्री संदीप पांडेय, कोषाध्यक्ष अमित गुप्ता, आशीष सिंह, उपाध्यक्ष उमेश यादव, डिम्पू भाई, संजीव सक्सेना, रामकुमार गौतम, नीरज वर्मा, ब्रह्म प्रकाश, दिनेश अग्रवाल, मंत्री दीपक सविता, संतोष धाकरे, अमित अग्रवाल, विशाल बिंदल, प्रवीण अग्रवाल, दुष्यंत शर्मा,अमन सिंह, रवि शर्मा, सुमेश यादव, अमित शर्मा,आदि ने वव्यवस्थाएं संभालीं।