आगरालीक्स…आगरा में एक नन्ही जान मौत के गड्ढे में समा गई. पानी की पाइपलाइन जोड़ने के लिए खोदा था गड्ढा. लेकिन खुला ही छोड़ दिया गया.
आगरा में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया. छह साल की नन्ही एक मौत के गड्ढे में समा गई. पानी की पाइपलाइन जोड़ने के लिए जिम्मेदारों द्वारा खोदे गए इस गड्ढे को खुला छोड़ दिया गया. न तो इसे बंद किया गया और न ही इसे ठीक से बैरीकेडिंग की गई. नतीजा ये हुआ कि आज छह साल का बच्चा दस फीट गहरे खुदे इस गड्ढे में अपनी जान गंवा बैठा.
बच्चे का नाम जीशान था. उसके पिता रियाजुउद्दीन उर्फ लाला बिल्लोचपुरा मोहल्ले में रहते हैं. उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े दस बजे जीशान घर से निकला था. इसके बाद उसे एक साथी ने घर आकर बताया कि वह तोता के ताल पर स्थित पानी से भरे एक गड्ढे में गिर गया है. इस पर लोग घटनास्थल पर पहुंचे और किसी तरह जीशान को बाहर निकाला. परिजन उसे इमरजेंसी भी लेकर गए लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. आसपास के लोग भी जिम्मेदारों को कोसते दिखाई दिए. उनका कहना था कि अगर ये गड्ढा समय पर बंद करा दिया जाता तो हादसा न होता.

जीशान अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और अपने साथियों के साथ खेलने के लिए निकला था. क्षेत्र के लोगों का कहना था कि पानी की पाइपलाइन फट गई थी जिसको जोड़ने के लिए विभागीय अधिकारियेां ने इसे खुलावाया था. पाइपलाइन जोड़ी जा रही थी लेकिन गड्ढे को खुला ही छोड़ दिया गया. इसमें पानी भरा हुआ था. घटना की जानकारी पर पहुलिस भी मौके पर पहुंच गई. गुस्साए लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया. लोगों ने बताया कि यह गड्ढा करीब दस फीट गहरा है. उन्होंने हादसे के लिए अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है और एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है.