आगरालीक्स…बच्चों को सरल भाषा में आत्मविश्वास व आत्मसुरक्षा की भावना जगाती है ‘तारा’स वर्ल्ड’…आगरा की युवा लेखिका शिविका तोमर की तीन पुस्तक लांच
संजय प्लेस स्थित होटल फेयरफील्ड बाय मेरियट में युवा लेखिका शिविका तोमर की तीन पुस्तकों का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के अनेक शिक्षाविद, साहित्यकार एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जयंती रंगनाथन ने पुस्तक का विमोचन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के सामने सामाजिक, भावनात्मक असुरक्षा और डिजिटल व्यस्तता जैसी चुनौतियां बढ़ रही हैं। ऐसे में पुस्तकों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और आत्मसुरक्षा की भावना विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को पढ़ने के लिए प्रेरित करें और सकारात्मक वातावरण प्रदान करें।
लेखिका शिविका तोमर ने बताया कि उनकी पुस्तक ‘तारा’स वर्ल्ड’ के साथ-साथ ‘स्पीक तारा स्पीक’, ‘तारा बिग बिग फीलिंग्स’ और ‘तारा सेफ्टी सुपरपावर’ जैसी कृतियां बाल मनोविज्ञान पर आधारित हैं। इन पुस्तकों का मुख्य पात्र ‘तारा’ है, जो बच्चों को सरल भाषा में अपनी भावनाओं को समझने, आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने और आत्मसुरक्षा के मूल मंत्र सिखाती है।
उन्होंने कहा कि लेखन की प्रेरणा उन्हें अपनी बेटी और विद्यालय के हजारों बच्चों से मिली। यह प्रयास परिवार और सहयोगियों के समर्थन से संभव हो पाया। पुस्तकों के माध्यम से बच्चों के भावनात्मक संतुलन, संवाद क्षमता और सकारात्मक सोच को विकसित करने का उद्देश्य रखा गया है। कार्यक्रम में विद्यालय समूह के चेयरमैन संजय तोमर सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए। संचालन डॉ. रेशम मित्तल द्वारा किया गया। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। यह पुस्तक श्रृंखला बच्चों के लिए आत्मविश्वास की पाठशाला सिद्ध होगी और उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित करेगी।