आगरालीक्स…आगरा में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा सेंट मेरी चर्च, प्रतापपुरा का वार्षिकोत्सव.
सेंट मेरी चर्च, प्रतापपुरा में चल रहे वार्षिकोत्सव का चौथा दिन आज परम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा एवं मुख्य पूजा का संचालन श्रद्धेय फादर अश्विन डॉनी ने किया। अपने प्रेरक प्रवचन में फादर अश्विन डॉनी ने कहा कि प्रभु यीशु की पवित्र माता मरियम ने अनेक अवसरों पर भक्तजनों को दर्शन दिए हैं। वे अत्यंत शक्तिशाली एवं करुणामयी माता हैं। जो कोई भी सच्चे मन, विश्वास और निष्ठा के साथ माता मरियम की शरण में आता है और उनसे प्रार्थना करता है, उसकी हर मनोकामना अवश्य पूरी होती है। उन्होंने समझाया कि मरियम न केवल प्रभु यीशु की माता हैं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता की माता हैं। वे हमारे जीवन के प्रत्येक दुख, पीड़ा और संघर्ष में सहारा देती हैं। जब हम विश्वास और विनम्रता के साथ उनकी ओर मुड़ते हैं, तब वे हमारे जीवन को प्रभु यीशु के प्रेम और शांति से भर देती हैं।पूरी प्रार्थना सभा के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा। भजनों एवं स्तुति गीतों के सामूहिक गायन में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण रूप से सहभागिता की। इस भक्ति, प्रार्थना और स्तुति के अद्भुत संगम ने वातावरण को और भी पवित्र एवं मंगलमय बना दिया। इस अवसर पर फादर जोसेफ़ डाबरे, फादर जॉन एवं फादर अजय ने भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन करते हुए श्रद्धालुओं को विशेष आशीर्वाद प्रदान किया।
क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष श्री डेनिस सिल्वेरा ने जानकारी दी कि वार्षिकोत्सव के अंतर्गत पाँचवें दिन की प्रार्थना सभा कल सायं 6:00 बजे श्रद्धेय फादर आशीष के नेतृत्व में सम्पन्न होगी, जिसमें विशेष प्रार्थना एवं नोवेना आयोजित की जाएगी। उन्होंने समस्त ईसाई समाज के श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक पर्व का हिस्सा बनने और प्रभु की असीम कृपा का अनुभव करने का आग्रह किया।