आगरालीक्स…इंजीनियरिंग कॉलेज में जॉब करने आई युवती का शव पंखे से लटका मिला. आज ज्वाइनिंग का था पहला दिन लेकिन..
आगरा मंडल के मथुरा जिले में एक युवती का शव पंखे से लटका मिला है. वह यहां एक इंजीनियरिंग कॉलेज में जॉब करने के लिए आई थी. आज ज्वाइनिंग का पहला दिन था लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत ने सनसनी मचा दी. कॉलेज के सामने स्थित एक सोसाइटी के कमरे में उसका शव पंखे से लटका मिला. सूचना पर पुलिस पहुंच गई है. युवती के सुसाइड का कारण पुलिस तलाश रही है.
ये है मामला
मृतक युवती का नाम शालिनी महाजन बताया गया है. वह हिमाचल प्रदेश के विलासपुर की रहने वाली थी. शालिनी ने बीफार्मा किया हुआ था और उसे जॉब की तलाश थी. इसके लिए वह यहां 20 दिसंबर को आई हुई थी. उसने बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज में इंटरव्यू दिया था. वह जॉब में सेलेक्ट हो गई थी और उसे आज नौकरी ज्वाइन करनी थी. वह कॉलेज के सामने ही स्थित ब्रजमोहन पहलवार टावर में तीसरी मंजिल पर बने कमरे में रह रही थी. आज जब वह जॉब पर नहीं पहुंची तो कॉलेज से कई कॉल किए गए लेकिन शालिनी ने फोन नहीं रिसीव किया.
इस पर कॉलेज के लोग उसके कमरे पर पहुंचे तो देखा दरवाजा अंदर से बंद है. अनहोनी की आशंका में जब झांक कर देखा तो शालिनी का शव अंदर पंखे से लटका हुआ था. सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई और भवन स्वामी से पूछताछ की गई. पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है.