आगरालीक्स…आगरा में महानाट्य ‘जाणता राजा’ कल से. पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे शुभारंभ. गूंजेगी छत्रपति शिवाजी महाराज की शौर्यगाथा”
छत्रपति शिवाजी की शौर्यगाथा पर आधारित महानाट्य ‘जाणता राजा’ का शुभारंभ शनिवार 4 अक्टूबर से होने जा रहा है. ताज नगरी स्थित कलाकृति कल्चर एण्ड कन्वेंशन सेंटर ग्राउण्ड पर आयोजित इस महानाट्य का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा किया जाएगा. शुक्रवार को कलाकृति कन्वेंशन सेंटर में समिति ने इसकी जानकारी दी. दिव्य प्रेम सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. आशीष गौतम भैया जीने कहा कि नाटक ‘जाणता राजा’ इस महान राजा के पूरे जीवन पर एक विहंगम दृष्टि डालता है.
कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. संजय चतुर्वेदी ने बताया कि शुभारंभ के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह विशिष्ट अतिथि होंगे. उन्होंने कहा कि यह महानाट्य दो पवित्र उद्देश्यों को साधता है युवा पीढ़ी को शिवाजी महाराज जैसे राष्ट्रनायक से प्रेरणा दिलाना और समाज को सेवा की धारा से जोड़ना. डॉ आशीष गौतम द्वारा स्थापित दिव्य प्रेम सेवा मिशन पिछले 29 वर्षों से हरिद्वार में कुष्ठ पीड़ितों, अनाथों, असहायों और निराश्रितों की निःस्वार्थ सेवा कर रहा है। बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलम्बन के लिए अनेक प्रकल्प नि:शुल्क संचालित किए जा रहे हैं.
दो लाख वर्ग फीट में बनाया मंच
समिति के अध्यक्ष संजीव महेश्वरी ने बताया कि ‘जाणता राजा’ का मंच 2 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में बनाया गया है और ऊँचाई चार मंजिला है. इसमें ढाई सौ कलाकार, 20 फीट ऊँची मां तुलजा भवानी की प्रतिमा, हाथी, घोड़े, ऊँट, बैलगाड़ियां और पालकी का प्रत्यक्ष उपयोग किया जा रहा है. अत्याधुनिक ध्वनि-प्रकाश व्यवस्था और आतिशबाजी इसे और अधिक भव्य बनाएगी. आगरा में 70 हजार दर्शक इसके साक्षी बनेंगे.