आगरालीक्स…आगरा में विश्व धरोहर ताजमहल है. हजारों पर्यटक रोज आते हैं. लेकिन यहां टिकट के लिए आए दिन हो रहा सर्वर खराब. आज भी पूरे दिन बंद रही टिकट विंडो….
आगरा में विश्व धरोहर ताजमहल है. विश्व की सुंदर इमारतों में शामिल ताजमहल के कारण ही आगरा को ताजनगरी भी कहा जाता है. यही कारण है कि देश विदेश से हजारों पर्यटक हर रोज ताजमहल का दीदार करने के लिए यहां आते हैं लेकिन पिछले एक महीने से टिकट विंडो का सर्वर कई बार खराब हो चुका है. सोमवार को जहां सर्वर एक घंटे के लिए ठप रहा तो वहीं आज मंगलवार को फिर से सर्वर दगा दे गया और पूरे दिन पूर्वी व पश्चिमी गेट की टिकट विंडो बंद रहीं. आफलाइन टिकट न मिल पाने के कारण काफी संख्या में पर्यटकों को इधर से उधर भटकना पड़ा.

लपकों ने उठाया फायदा
पर्यटकों की इस परेशानी का फायदा उठाने वाले भी ताजमहल पर बहुत हैं. मंगलवार को ताजमहल के दोनेां गेटों पर टिकट विंडो बंद रहीं तो लपकों ने पर्यटकों की इस परेशानी का फायदा जमकर उठाया. उन्होंने पर्यटकों को आनलाइन टिकट बुक कर देने के एवज में मनमानी वसूली की. उन्होंने 45 रुपये में आनलाइन बुक होने वाली टिकट को 200 से 250 रुपये तक में बेची. इसके कारण कई पर्यटकों ने जहां महंगी टिकट खरीदी तो वहीं कई पर्यटक बिना ताजमहल देखे ही वापस हो गए.
इस संबंध में अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. राजकुमार पटेल का कहना है कि सर्वर को अपडेट किया जा रहा है. नए साफ्टवेयर जोड़े जा रहे हैं. जल्द ही समस्या को दूर कर लिया जाएगा.