आगरालीक्स…आगरा में बीएसएफ के रिटायर्ड डिप्टी कमांडेंट के घर दिनदहाड़े चोरी. पत्नी को दवा दिलाने के लिए गए थे, लौटे तो टूटा मिला ताला. सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध
आगरा के थाना न्यू आगरा अंतर्गत दयालबाग में बीएसएफ के रिटायर्ड डिप्टी कमांडेंट के घर दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है. वह अपनी पत्नी को दवा दिलाने के लिए घर पर ताला लगाकर गए थे लेकिन जब वापस लौटे तो ताले टूटे मिले और घर की अलमारी का लॉक तोड़कर सोने चांदी के जेवर और कैश चौरी कर ले गए हैं. सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक की टीम पहुंची और जांच की है. सीसीटीवी में दो संदिग्ध दिखे हं. पुलिस इनकी तलाश कर रही है.
घटना खेलगांव के पास स्थित कैलाश विहार की है. यहां एसडी विमल अपनी पत्नी स्नेहलता के साथ रहते हैं. एसडी विमल बीएसएफ के रिटायर्ड डिप्टी कमांडेंट है. गुरुवार को करीब 11 बजे वह पत्नी को दवा दिलाने दयालबाग स्थित सरन अस्पताल गए थे और घर पर ताला लगा गए थे. करीब दो घंटे बाद जब वह वापस लौटे तो दरवाजे के ताले टूटे थे. अंदर जाकर देखा तो अलमारी का दरवाजा खुला था और सामान बिखरा था. उसका लॉक टूटा हुआ था. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. बताया जाता है कि मेनगेट का ताला लगा था. ऐसे में आशंका है कि चोर छत के रासते या दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए. आसपास में लगे सीसीटीवी में दो संदिग्ध पुलिस को दिखे हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.