आगरालीक्स…व्हाट्सएप के लिए नहीं मिल रहा मनपसंद यूजरनेम, इस बड़े प्राइवेसी अपडेट को लेकर आगरा में भी युवाओं के बीच जिज्ञासा है, कोई समझ चुका है तो कोई समझने की कोशिश में है, आईए जानें
आगरा में युवा व्हाट्सएप पर एक नए फीचर को लेकर काफी जिज्ञासू हैं जो एक दिन पहले ही अचानक उनके सामने आया है। जानकारों की मानें तो व्हाट्सएप का नया यूजरनेम फीचर एक बड़ा प्राइवेसी अपडेट है। इसके जरिए यूजर्स अपना मोबाइल नंबर शेयर किए बिना केवल यूजरनेम के माध्यम से नए लोगों से चैट कर सकेंगे। यह सुविधा फेसबुक, इंस्टाग्राम या टेलीग्राम की तरह काम करती है। दरअसल व्हाट्सएप पर नए फीचर यूजरनेम के बारे में बहुत से लोगों को व्हाट्सएप पर ही शो हो रहे कमिंग सून के मैसेज के साथ पता लगा। इसके बाद से ही चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। युवाओं ने इंटरनेट पर इसके बारे में और अधिक पता करना शुरू कर दिया, जिसके बाद सामने आया कि अब तक वॉट्सएप पर किसी नए व्यक्ति से बात करने के लिए मोबाइल नंबर देना जरूरी होता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। मेटा के स्वामित्व वाले वॉट्सएप ने यूजरनेम फीचर लॉन्च करने का ऐलान किया है। इसके बाद लोग अपना मोबाइल नंबर बताए बिना भी सिर्फ यूजरनेम के जरिए चैट कर सकेंगे। कंपनी ने 29 जून से दुनियाभर में यूजरनेम की बुकिंग शुरू कर दी है।इसके बाद से ही लोग यूजरनेम सलेक्ट करने की जद्दोजहद में लग गए हैं। आगरा में भी बहुत से लोगों ने मनपसंद यूजरनेम सलेक्ट किए हैं और बहुत से लोग ऐसे भी हैं जिन्हें उनके मनपसंद यूजरनेम नहीं मिल पा रहा है। इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस साल के आखिर तक आने वाले यूजरनेम फीचर के लिए लोग अपने यूजरनेम को रिजर्व कर सकते हैं। इस यूजरनेम का इस्तेमाल तब किया जा सकेगा जब यह फीचर पूरी तरह से रोलआउट हो जाएगा। बताया जा रहा है कि व्हाट्सएप ने नाम रिजर्व करने का फीचर भी अभी इसलिए रोलआउट किया है ताकि लोगों को अंतिम समय में यूजरनेम चुनने में समस्या ना हो।
हालांकि इंटरनेट पर लोगों को अभी से अपने नाम यूजरनेम के तौर पर सेट करने में समस्या आ रही है। दो एक जैसे यूजरनेम सेट नहीं हो सकते। इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक अगर आप यूजरनेम सेट नहीं कर पा रहे हैं तो इसमें अतिरिक्त अंग्रेजी अक्षर, अंक, डॉट या अंडरस्कोर जोड़कर यूनिक यूजरनेम बना सकते हैं। इसके अलावा आप चाहें तो अपने इंस्टाग्राम या फेसबुक का यूजरनेम भी यूजरनेम के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं।