आगरालीक्स…आगरा में चोरों की अजीब हरकत. सोने—चांदी के जेवरातों के साथ किचन से चोरी कर ले गए ये सामान….
आगरा में चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. थाना शमसाबाद में घर में घुसे चोर सोने चांदी के लाखों रुपये के जेवर सहित किचन में रखा मिठाई का डिब्बा और घी भी चोरी कर ले गए. इसके बाद चोरों ने खेत में ही घी पिया और मिठाई खाई. घटना की जानकारी सुबह हुई तो पुलिस को खेत के अंदर घी और मिठाई का खाली डिब्बा भी मिला.
घटना थाना शमसाबाद के गांव पुरा धमेना की है. रविवार रात को यहां के रहने वाले रोहतान सिंह के घर में चोर घुस गए. चोरों ने कमरों के गेट की कुंडी को काटा और अलमारी का लॉक तोड़कर सात लाख रुपये की नगदी और सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. इसके बाद चोर घर की रसोई में घुसे और वहां रखा मिठाई का डिब्बा, घी का डिब्बा चोरी कर ले गए. चोरों ने रोहतान सिंह के घर के बगल में स्थित खेत में ही बैठकर घी पी लिया और मिठाई खा ली. इसके बाद घी और मिठाई का खाली डिब्बा वहीं छोड़ कर फरार हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है.