आगरालीक्स…आगरा में इस बार दो से तीन गुना बढ़कर आया बिजली का बिल. भीषण गर्मी के बीच घरों—आफिसों में जमकर चल रहे एसी—कूलर…
आगरा में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है. तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है. दोपहर में धूप का तेज इतना अधिक होता है कि मानो आसमान से आग बरस रही हो. ऐसे में गर्मी से बचने के लिए घरों और आफिसों में इस समय जमकर एसी—कूलर चल रहे हैं. रात को भी एसी पूरी नाइट चल रहा है. ऐसे में इस बार बिजली का बिल दो से तीन गुना अधिक बढ़कर आया है. जिन लोगों का बिल फरवरी मार्च में 1000 रुपये आ रहा था, अप्रैल में उनका बिल 2.5 से 3 हजार के बीच आया है. कई लोगों का बिल तो 4 हजार के आसपास आया है. इसका बड़ा कारण है बिजली की अधिक खपत. आगरा में टोरंट पावर 24 घंटे बिजली उपलब्ध करा रही है.
बिजली का बिल देखकर लोगों की नींद उड़ गई है लेकिन उनका कहना है कि करें तो क्या करें. ऐसी गर्मी में बिना एसी—कूलर के रहा भी तो नहीं जाता. पंखे गर्म हवा फेंकते हैं. रात को भी अधिक गर्मी पड़ती है. ऐसे में पूरी रात एसी—कूलर चल रहे हैं. सुबह कुछ समय के लिए ही एसी—कूलर बंद होते हैं. लेकिन 10 बजे के बाद जैसे ही तेज धूप होने लगती है. एसी कूलर चालू हो जाते हैं.