आगरालीक्स…आगरा में एक महिला ने इंसाफ के लिए लड़ी लड़ाई. 9 महीने बाद पुलिस ने पुलिस को कब्र से निकालना पड़ा उसके पति का शव…जानें महिला के संघर्ष की कहानी
आगरा के रुनकता में रहने वाली एक महिला ने इंसाफ के लिए ऐसी लड़ाई लड़ी है कि पुलिस को नौ महीने बाद उसके पति का शव कब्र से निकालना पड़ा है. 9 महीने पहले महिला के पति की संदिग्ध हालत में मौत हुई थी. महिला का आरोप है कि उसके पति की नामजद लोगों ने हत्या की गई है. महिला ने न्याय के लिए पुलिस का भी दरवाजा खटखटाया. कोई उम्मीद न मिलने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और आखिरकार कोर्ट के आदेश पर थाना सिकंदरा में महिला के पति के अपहरण और हत्या का मुकदमा 5 लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है. अब डीएम के आदेश पर आज 9 महीने बाद शव को कब्र से बाहर निकाला गया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पता चलेगा कि आखिरकार युवक की मौत कैसे हुई.

ये है मामला
मामला थाना सिकंदरा अंतर्गत रुनकता के गांव चौमा का है. यहां रहने वाले रफीक पेंटर का निकाह पांच साल पहले वृंदावन के गांव सकराया में रहने वाली शबाना से हुआ था. उनके एक बेटा तीन साल तो दूसरा एक साल का है. नौ महीने पहले रफीक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. पत्नी ने पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था. अब कोर्ट के आदेश पर थाना सिकंदरा में पांच लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है.

15 अक्टूबर 2021 का है मामला
आरोप है कि 15 अक्टूबर 2021 को रफीक का मोहल्ले की रहने वाले पप्पू, दिलवर, वकील, शकील और नसीब से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी. इस दौरान आरोपियों ने रफीक के साथ मारपीट कर दी. इस पर रफीक ने इसकी शिकायत रुनकता चौकी पर कर दी थी. इसको लेकर आरोपी रफीक से रंजिश मान बैठे थे और उनहोंने शिकायत वापस लेने और राजीनामा करने के लिए कहा. शाम को आरोपी रफीक को अपने साथ ले गए. पत्नी का आरोप है कि पति काफी देर तक वापस घर नहीं लौटा. इस पर शबाना और अन्य परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला. घटना के चार दिन बाद आरोपी शबाना के पति रफीक का शव ट्रैक्टर ट्रॉली में लेकर आए. उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी लेकिन पुलिस नहीं पहुंची. इस पर शव को बिना पोस्टमार्टम के दफना दिया गया.
नौ महीने बाद अब कोर्ट के आदेश पर थाना सिकंदरा पुलिस में आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. वहीं मृतक की पत्नी शबाना ने पति के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए डीएम से गुहार लगाई थी. इस पर डीएम प्रभु एन सिंह ने पोस्टमार्टम कराने के लिए थाना सिकंदरा पुलिस को निर्देशित किया. आज पुलिस ने मंगलवार को कब्र के अंदर से शव को निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. चिकित्सकों की टीम द्वारा युवक की मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा.