आगरालीक्स…Agra News: किसी भी रूप में तंबाकू के सेवन करने से बांझपन, रक्तचाप के साथ ही कैंसर का खतरा बढ़ रहा है। ( Agra News: Tobacco causes Infertility #Agra )
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि तंबाकू और धूम्रपान से फेफड़े, मुंह, और गले का कैंसर हो सकता है। इसके अलावा धूम्रपान करने से हृदय रोग, स्ट्रोक, और फेफड़ों की बीमारियां हो सकती हैं। स्वस्थ जीवन जीने के लिए तंबाकू सेवन से बचें। तंबाकू से बचाव के लिए आसपास के लोगों को जानकारी देकर तंबाकू नियंत्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अपना सहयोग अवश्य प्रदान करें।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. एसएम प्रजापति ने बताया कि तंबाकू और धूम्रपान से होने वाले खतरों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए हमारा विभाग निरंतर प्रयास कर रहा है। हम लोगों से अपील करते हैं कि वे तंबाकू और धूम्रपान का सेवन ना करें और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। नोडल अधिकारी ने बताया कि कोटपा (COTPA) कानून के तहत सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू सेवन पर जुर्माने का प्रावधान भी एक सकारात्मक कदम है, जिससे सार्वजनिक स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।