आगरालीक्स…अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस कल परिवार के साथ आगरा आ रहे हैं. कश्मीर में आतंकी हमले के बाद देशभर में अलर्ट के बीच हो रहा है ये दौरा…आगरा के सभी स्कूल बंद, सुरक्षा और हुई सख्त
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस अपने परिवार के साथ 23 अप्रैल को ताजमहल का दीदार करने के लिए आगरा आ रहे हैं. जयपुर से जेम्स वेंस आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर सुबह 9 बजे पहुंचेंगे. यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे. वीवीआईपी विजिट को ध्यान में रखते हुए सुबह 7 बजे से ही ताजमहल को आम पर्यटकों के लिए बंद कर दिया जाएगा. न तो टिकट विंडो खुलेंगी और न ही किसी को गेट के पास तक आने दिया जाएगा. उनके ताजमहल देखने के बाद ही पर्यटकों के लिए टिकट विंडो खोली जाएंगी.आतंकी हमले के बाद देशभर में अलर्ट
इधर जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में यूएस वाइस प्रेसीडेंट का आगरा का दौरान और भी ज्यादा सतर्क हो गया है. अमेरिकी सुरक्षा बलों के साथ देशभर की सुरक्षा एजेंसियों ने भी कड़ी सुरक्षा में जुट गई हैं. अमेरिकी उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से शहर के सभी स्कूलों को भी बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं.
उपराष्ट्रपति के स्वागत के लिए रूट पर भारतीय सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए विभिन्न राज्यों तथा स्थानीय बृज लोक संस्कृति पर आधारित लोक नृत्य, संगीत, ड्रम वादन आदि के कार्यक्रम सांस्कृतिक कलाकारों,स्कूल ग्रुप तथा बच्चों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी, अमेरिका तथा भारत के फ्लैग प्रदर्शित किए जाएंगे.
सीएम योगी करेंगे अगवानी
मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ जी एयरपोर्ट पर वाइस प्रेसिडेंट ऑफ अमेरिका का स्वागत करेंगे. मंडलायुक्त ने सभी संबंधित विभागों से समन्वय कर सुरक्षा, संभावित रूट, सौंदर्यीकरण आदि के कार्य नोडल अधिकारी नामित कर ससमय पूर्ण करने के निर्देश दिए.