आगरालीक्स…वंदे भारत ट्रेन नहीं हो पा रही हाउसफुल. अब सभी ट्रेनों के एसी चेयरकार और एग्जीक्यूटिव क्लास के किराए को घटाएगा रेलवे. जानिए कितने प्रतिशत होगी कमी…
वंदे भारत ट्रेन देश की आधुनिक ट्रेनों में से एक है लेकिन यह ट्रेन यात्रियों से हाउसफुल नहीं हो पा रही है. ऐसे में रेलवे बोर्ड ने वंदे भारत सहित सभी ट्रेनों के एसी चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास में सफर करने वालों को बड़ी राहत देते हुए किराये में कटौती का ऐलान किया है. बोर्ड ने कहा है कि वंदे भारत सहित सभी ट्रेनों के एसी चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास के किराए में 25 प्रतिशत तक की कटौती की जाएगी. यह रियायती किराया योजना उन ट्रेनों में खासकर करने को कहा गया है जिनमें पिछले 30 दिनों में यात्रियों की संख्या 50 प्रतिशत से कम रही है.

रेलवे बोर्ड के आदेश में कहा गया है कि वंदे भारत, अनुभूति व विस्टाडोम बोगियों वाली सभी ट्रेन में एसी चेयर कार और एग्जीक्यूअिव श्रेणी के किराये में यात्रियों की संख्या के आधार पर 25 फीसदी तक की कटौती की जाएगी. मूल किराये पर मिलने वाली रियायत अधिकतम 25 प्रतिशत तक हो सकती है. हालांकि आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट सरचार्ज, जीएसटी जैसे अन्य शुल्क अलग से लिए जा सकते हैं.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जून महीने भोपाल—जबलपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में केवल 29 प्रतिशत ही सीट भरी हुई थीं. वहीं इंदौर—भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस में केवल 21 प्रतिशत आक्यूपेंसी रही. वहीं नागपुर से बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस की भी करीब 55 प्रतिशत सीटें ही फुल हो पा रही हैं.