आगरालीक्स …….आगरा के स्कूल में हिजाब और बुरकावाली छात्राओं से परेशान महिला प्रिंसिपल ने कहा कर लूंगी आत्महत्या, वीडियो वायरल, छात्राओं को यूनिफार्म में आने के दिए गए निर्देश।
आगरा में 15 सितंबर को श्रीमती जॉय हैरिस गर्ल्स इंटर कॉलेज, आगरा कैंट की प्रिंसिपल ममता दीक्षित का वीडियो वायरल हुआ। इसमें प्रिंसिपल ममता दीक्षित रोते हुए कह रहीं हैं कि स्कूल की समुदाय विशेष की शिक्षिकाओं ने गुट बना लिया है, इसमें अन्य शिक्ष्किाएं भी शामिल हैं, उन्होंने छात्राओं से यूनिफार्म में आने के लिए कहा लेकिन सामुदाय विशेष की करीब 200 छात्राएं हिजाब और बुरके में आ रही हैं।
छात्राओं ने लगाए नारे, कुर्सी छोड़ो ममता दीक्षित
वायरल वीडियो में प्रिंसिपल ममता दीक्षित कह रहीं हैं कि उन्हें हटाने के लिए शिक्षिकाएं छात्राओं को उकसा रहीं हैं। छात्राओं से नारे लगवाए कि ममता दीक्षित कुर्सी छोड़ो, करीब दो घंटे तक छात्राओं ने नारे लगाए। इसमें एक शिक्षक नेता भी शामिल है यह सब स्कूल पर कब्जा करने के लिए किया जा रहा है।
यूनिफार्म में ही आने के दिए निर्देश
इस मामले में जॉय हैरिस स्कूल की प्रिंसिपल ममता दीक्षित का कहना है कि छात्राओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्कूल यूनिफार्म में ही आएं, शिक्षिकाओं को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
ये है मैनेजमेंट का कहना
जॉय हैरिस स्कूल के प्रबंधक लाल बहादुर का मीडिया से कहना है कि दोनों पक्षों के साथ बैठक की गई। अब कोई विवाद की स्थिति नहीं है, अनुशासन के साथ विद्यालय का संचालन करने के आदेश दिए गए हैं। सभी को स्कूल के नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है।