आगरालीक्स…(Video) आगरा में गाय की जान बचाने के लिए आया बुलडोजर…पुलिया के नीचे नाले की कींचड़ में बुरी तरह से फंस गई थी गाय…वीडियो में देखें ऐसे किया गया रेस्क्यू…
आगरा में एक गाय की जान बचाने के लिए बुलडोजर आ गया. यह वही बुलडोजर है जो चुनाव के बाद से पूरे प्रदेश में अभी तक चर्चा में बना हुआ है. इस समय शहर में अवैध निर्माणों व अतिक्रमण पर ये बुलडोजर खूब चल रहा है, लेकिन गुरुवार शाम को इसी बुलडोजर की मदद से एक गाय की जान बच सकी. आगरा की सोशल वर्कर दिव्या बंसल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मामला आगरा के चलते फिरते फिरते कमला नगर के मुगल रोड का है. यहां रश्मि मेडिकल सेंटर के पास शाम करीब साढ़े पांच बजे एक गाय को नाले में बहते हुए देखा. इस पर उन्होंने तुरंत 112 नंबर, पार्षद और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. लेकिन थोड़ी देर बाद ही गाय बीच सड़क पर पुलिया के नीचे चली गई.
उन्होंने बताया कि लोगों ने पुलिया को तोड़े बिना गाय को निकालने की बहुत कोशिश की लेकिन गाय बुरी तरह से पुलिया के नीचे कीचड़ में फंस गई. सूचना पर पुलिस भी आ गई. जब किसी भी प्रयास से गाय को पुलिया के नीचे से बाहर नहीं निकाला जा सका तो इसके लिए जेसीबी को बुलाया गया. बाद में जेसीबी के जरिए पुलिया को तोड़कर पहले अलग किया गया और फिर इसके बाद गाय को सुरक्षित नाले में से बाहर निकाला.
सोशल वर्कर दिव्या बंसल का कहना है कि गाय अब सुरक्षित है लेकिन उसकी जान बचाने के लिए बीच सड़क पर बनी पुलिया को तोड़ना पड़ा जिसके कारण यहां से निकलने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि हम केवल यही चाहते हैं कि अब पुलिया को जल्द से जल्द ठीक किया जाए, जिससे कि यहां से निकलने वाले और यहां रहने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो.