आगरालीक्स…आगरा में आईपीएल सट्टेबाजी के पैसे न मिलने पर युवक ने किया सुसाइड. सुसाइड नोट में चार लोगों को बताया आरोपी. फैमिली—दोस्तों के लिखा ‘लव यू आल’
आगरा में शनिवार को एक युवक ने आईपीएल में सट्टेबाजी का पैसा न मिलने पर सुसाइड कर लिया. युवक का शव घर में फांसी पर लटका मिला. परिजनों की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची. कमरे में एक सुसाइड नोट भी मिला जिसमें उसने सट्टेबाजी का करीब एक लाख 70 हजार रुपया बकाया न मिलने का आरोप मां—बेटे पर लगाया है और दो और आरोपी जिम्मेदार बताए हैं. सुसाइड नोट के अंत में मृतक ने अपनी फैमिली और दोस्तों के लिए ‘लव यू आल’ लिखा है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
आगरा में इस समय आईपीएल को लेकर जमकर सट्टेबाजी हो रही है. पुलिस भी अभी तक कई लोगों को सट्टेबाजी के आरोप में अरेस्ट कर चुकी है. लेकिन शनिवार को थाना कमला नगर के बल्केश्वर गंगेगौर बाग स्थित आनंद विहार कॉलोनी में रहने वाले प्रतीक गुप्ता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सुबह परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास तलाशी की तो एक सुसाइड नोट मिला. मृतक प्रतीक ने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसके लाखन पाठक पुत्र राजीव पाठक पर 1 लाख 70 हजार रुपया बकाया है. वह उसे वापस नहीं दे रहा है. यही नहीं उसकी मां सरोज पाठक द्वारा भी उसे रोज टरकाया जा रहा है. इसके अलावा मृतक ने सुसाइड नोट में आशीष गुप्ता और मनुज नाम के दो युवकों पर उसे सट्टेबाजी में फंसाने का आरोप लगाया है.

सुसाइड नोट में मृतक ने उन लोगों की लिस्ट भी छोड़ी है जिन्हें उसे पैसे देने हैं. उसने सुसाइड नोट में आगे लिखा है मुझे माफ करना मेरी मम्मी, दीदी और मेरे सभी छोटे और बड़े भाई जैसे दोस्त. आप सभी ने मेरे इस जीवन में मेरा बहुत साथ दिया है. शालू दीदी, राहुल, मम्मी, मुकुल भाई, रॉयल्स 11 आई लव यू आल. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि परिजनों के तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.