आगरालीक्स ….आगरा में लूट की तहरीर बदलवा कर गुमशुदगी में कराया दर्ज, डीपीसी सिटी की सख्ती पर थाना प्रभारी खुद पहुंचे पीड़ित के घर, लूट का मुकदमा दर्ज।
आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र के नया घेर जीवनी मंडी निवासी संजय जूता फैक्र्टी में काम करते हैं। 10 जनवरी की रात 11 बजे वे फैक्ट्री से घर लौट रहे थे, विजय नगर में बाइक सवार तीन युवक आए और उनका मोबाइल लूट कर भागने लगे। शोर मचाया, पीछा भी किया लेकिन बाइक सवार मोबाइल लूट कर फरार हो गए।
112 नंबर पर दी सूचना, बदलवा दी तहरीर
घर पहुंचने के बाद 112 नंबर पर सूचना दी, पुलिस पहुंच गई। इसके बाद संजय ने विजय नगर पुलिस चौकी पर मोबाइल लूट की तहरीर दे दी। अगले दिन संजय को पुलिस चौकी पर बुलाया, उनसे कहा कि गुमशुदगी की तहरीर लिख दो इससे सात दिन में मोबाइल मिल जाएगा। लूट का केस दर्ज होने पर मोबाइल बरामद होने के बाद कोर्ट से मिलेगा, इसमें रुपये खर्च होंगे। इस पर संजय ने तहरीर बदल दी।
थाना प्रभारी ने घर जाकर ली तहरीर
यह मामला रविवार को डीसीपी सिटी सूरज राय के संज्ञान में आया, उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद थाना हरीपर्वत के प्रभारी खुद पीड़ित के घर गए, उससे लूट की तहरीर ली और मुकदमा दर्ज कराया।