आगरालीक्स… आगरा में होली पर हुडदंग और नशे में धुत होकर वाहन चलाने पर हवालात में होली मनानी पडेगी। 60 बैरियर लगाए गए हैं, शहर में जगह जगह पुलिस तैनात रहेगी और चैकिंग करेगी, किसी पर जबरन रंग डालने पर भी कार्रवाई की जाएगी।
आगरा के एसएसपी बबलू कुमार का मीडिया से कहना है कि होली पर 60 स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। सभी बैरियरों पर चेकिंग होगी। नशे की हालत में मिलने पर पुलिस थाने ले जाएगी। नशा उतरने तक ऐसे लोगों को हवालात में रखा जाएगा। सड़कों पर वाहन तेज रफ्तार दौड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण पर रहेंगे। कहीं कोई विवाद हुआ तो पुलिस सख्ती से निपटेगी। जरूरत पड़ने पर पीएसी को भी बुलाया जाएगा। सभी थानों में रिजर्व में फोर्स रखा गया है।
ये किया तो पुलिस करेगी कार्रवाई
‘ जबरन किसी पर रंग नहीं डालें।
‘ महिलाओं और युवतियों को जबरन रंग लगाने का प्रयास नहीं करें।
‘ अपने परिवार, दोस्तों और पहचान वालों के साथ ही होली खेलें।
‘ चंदन और गुलाल से होली खेलें। कीचड़ का प्रयोग नहीं करें।
‘ दोपहिया वाहन वालों पर गुब्बारे फेंककर नहीं मारें।
‘ सड़क घेरकर डांस नहीं करें। गली का रास्ता बंद करके डीजे नहीं लगाएं।
‘ दोपहर बाद होली नहीं खेलें।
‘ नशे में हुड़दंग नहीं करें। बेहतर होगा त्योहार मोहब्बत से मनाएं।
‘ दोपहिया वाहन पर तीन सवारी नहीं चलें।
‘ दोपहिया वाहन पर हेलमेट का प्रयोग करें। यह आपकी सुरक्षा के लिए है।