आगरालीक्स… आगरा के डॉ भीमराव अंबेडकर विवि के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि बेटियां आगे बढती हैं तो देश आगे बढता है। राज्यपाल ने कहा कि अब बेटों के लिए आरक्षण देने की जरूरत महसूस होने लगी है।
मंगलवार को विवि के 83 वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि मैं भी इसी विवि का छात्र रहा हूँ। यहीं से बीकॉम की डिग्री हासिल की है। यह देश का इकलौता ऐसा विवि है, जिसने दो राष्ट्रपति, दो प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री सहित ऐसी हस्तियों को शिक्षा दी है, जो देश के लिए काम कर रहे हैं। मेरे लिए सारे प्रदेश बराबर, लेकिन अपनी मातृभूमि वाले प्रदेश और अपने विवि के कार्यक्रम में आकर एक अलग और सुखद अनुभूति हो रही है। वहीं, बेटियों को ज्यादा मेडल मिलने पर कहा कि बेटियां आगे बढ़तीं हैं तो देश आगे बढ़ता है।
राज्यपाल बोले बेटों को आरक्षण की जरूरत
डॉ. भीमराव अंबेडकर विवि के दीक्षा समारोह में 114 मेडलों में से केवल 19 मेडल छात्रों को मिल सके हैं। बाकी के 95 पदक छात्राओं को मिले। यह छात्रों के लिए चुनौती के साथ ही चेतावनी भी है। उन्होंने चुटकी ली। छात्रों से कहा कि ऐसे तो आपको आरक्षण मांगना पड़ेगा। प्रदेश के 29 विश्वविद्यालयों का कुलाधितपति हैं। 25 विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह होने हैं। इनमें से अभी तक 15 विश्वविद्यालयों के दीक्षांत हो गए हैं। भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह में 16वां स्थान है। जो नौ विश्वविद्यालय बचे हैं, उनका दीक्षांत भी इसी माह के अंत तक कर दिए जाएंगे।