आगरालीक्स… आगरा के डॉ भीमराव अंबेडकर विवि की गोल्डन गर्ल एमबीबीएस छात्रा मथकला अपर्णा को जूनियर एनटीआर पसंद है, वह हिंदी बोलना सीख गई है। एमडी करने के बाद वह ग्रामीण क्षेत्र में काम करना चाहती है।
डॉ. भीमराव अंबेडकर विवि के दीक्षांत समारोह में गोल्डन गर्ल रामा मेडिकल कॉलेज कानपुर की एमबीबीएस छात्रा डॉ. मथकला अपर्णा रहीं। उन्हें सर्वाधिक आठ स्वर्ण पदक मिले। उन्हें यह पदक राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने डॉ.अंबेडकर विवि के खंदारी कैंपस में आयोजित किए गए 83 वें दीक्षांत समारोह में प्रदान किए।
भावुक हो गई मथकला
हैदराबाद की रहने वाली मथकला अपर्णा बोलते बोलते भावुक हो गई, उन्होंने कहा कि उनके मां और पापा के हौसले से आठ गोल्ड मेडल मिले हैं। मथकला ने बताया कि उसे मूवी देखना पसंद है और साउथ इंडियन एक्टर जूनियर एनटीआर पसंद है।
114 मेडल दिए गए
खंदारी कैंपस में आयोजित डॉ. अंबेडकर विवि के 83 वें दीक्षांत समारोह में 100 स्वर्ण पदक और 14 रजत प्रदान किए गए। इस दौरान 80 छात्र-छात्राओं को मेडल से नवाजा गया। समारोह की गोल्डन गर्ल रामा मेडिकल कॉलेज कानपुर की एमबीबीएस छात्रा डॉ.मथकला अपर्णा रहीं। उन्हें आठ स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। डॉ.मथकला को डॉ.शारदा प्रसाद श्रीवास्तव, अखिल भारतीय महिला परिषद आगरा शाखा, वक्ले गोल्ड मेडल, डॉ.जतेंदरनाथ हाजरा, डॉ.टुकीराम एल्हेंस गोल्ड, तुलसादेवी स्मृति स्वर्ण, माधुरी देवी श्रीवास्तव स्वर्ण, प्रो. सुखवीर प्रसाद जैन एवं शकुंतला जैन स्वर्ण पदकों से नवाजा गया। डॉ.मथकला मूल रूप से आंध्र प्रदेश की निवासी हैं। इससे पूर्व मेडल मिलने के बाद डॉ.मथकला अपर्णा के साथ ही उनके परिजनों के चेहरे पर मुस्कान दिखी। डॉ. अंबेडकर विवि के दीक्षांत समारोह में बीते सत्र में भी रामा मेडिकल कॉलेज की छात्रा ही गोल्डन गर्ल बनी थी। जबकि इससे पहले मेडलों पर एसएन मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों का कब्जा रहता था। इसके अलावा 213 पीएचडी, 102 एमफिल, 04 डीलिट और एक डीएससी की उपाधियां दी गईं।