आगरालीक्स…देखें वीडियो, आगरा में सहालग से पहले में एफएसडीए ने संदिग्ध मिलावटी दूध ले जा रहा टैंकर पकड़ा. 1200 ली. दूध कराया नष्ट
आगरा में सहालग शुरू होने से पहले एफएसडीए की टीम ने 1200 लीटर संदिग्ध मिलावटी दूध को ले जा रही गाड़ी को पकड़ा है. दक्षिणी बाइपास, करहरा गांव नगला सिकरवार (थाना किरावली) के पास दूध से भरे एक टैंकर (टाटा 407) को पकड़कर जांच की. मौके पर वाहन चालक प्रेम नारायण (निवासी धौलपुर, राजस्थान) ने बताया कि दूध सार्वजनिक बिक्री हेतु ले जाया जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान वह किसी भी प्रकार का बिल, रसीद या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. निरीक्षण में टैंकर में लगभग 1200 लीटर मिश्रित दूध पाया गया, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी. प्रथम दृष्टया दूध में मिलावट की आशंका होने पर तत्काल नमूना लेकर "फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स" के माध्यम से जांच की गई, जिसमें दूध मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया. जांच में यह भी सामने आया कि वाहन में थर्मोस्टेट जैसी आवश्यक व्यवस्था नहीं थी, जिससे दूध को सुरक्षित तापमान पर रखना संभव नहीं था. इस कारण दूध की गुणवत्ता और अधिक खराब हो चुकी थी. जनस्वास्थ्य को गंभीर खतरे को देखते हुए, उक्त दूध को मानव उपभोग के लिए पूर्णतः अनुपयुक्त मानते हुए विक्रेता की सहमति से लगभग ₹60000 मूल्य के दूध को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राकेश कुमार एवं श्री कृष्ण चंद्र की सक्रिय भूमिका रही.