आगरालीक्स…आगरा में बादल आए, छाए और चले गए. फिर निकली चिलचिलाती धूप. बारिश का इंतजार करते रह गए शहरवासी. मौसम विभाग का अभी भी पूर्वानुमान—तेज बारिश के हैं आसार
पिछले दो महीने से भीषण गर्मी का सामना कर रहे आगरा के लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. यूपी में मानसून ने भी दस्तक दे दी है. मौसम विभाग ने एक जुलाई से चार जुलाई तक आगरा में तेज बारिश के आसार भी जताए. कुछ पूर्वानुमान सही भी दिखाई दिया जब आज बुधवार को सुबह बादलों का डेरा आगरा के आसमान में लगा दिखा. हल्की हवाओं के साथ बूंदाबांदी ने मौसम को सुहाना कर दिया. लोग तेज बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. लेकिन बादल आए, छाए और बिना बरसे ही निकल गए. दोपहर में फिर से सूरज ने अपनी चमक बिखेरी और चिलचिलाती धूप ने फिर से लोगों को उमसभरी गर्मी से बेहाल कर दिया. शाम तक यही स्थिति बनी रही. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को आगरा का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अभी भी पूर्वानुमान है कि आगरा में तेज बारिश होगी. आज रात को और कल भारी बारिश के आसार हैं. इसके बाद भी बारिश का क्रम बरकरार रहेगा.