आगरालीक्स.. आगरा जिला दो हिस्सों में बंट जाएगा, एक जिला आगरा होगा और दूसरा जिला बाह प्रस्तावित किया गया है। आगरा से अलग होकर बन रहे नए जिले का नाम अटल नगर होगा। इसमें बाह, फतेहाबाद और बटेश्वर तीन तहसीलें होंगी। बटेश्वर को नई तहसील बनाया जाएगा। राजस्व परिषद के निर्देश पर आगरा के दो जिले बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी के पैतृक गांव बटेश्वर को तहसील और बाह को अटल नगर जिला बनाने की की मांग की थी। राजस्व परिषद ने 16 अक्तूबर 2018 को डीएम आगरा से प्रस्ताव मांगा। जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रस्ताव तैयार किया गया है।इसमें बाह-बटेश्वर को नया जिला बनाने पर सहमति जताई गई है। प्रस्तावित अटल नगर जिले का क्षेत्रफल 1250 वर्ग किमी होगा। जोकि पूर्व में जिला बन चुके संत रविदास नगर (960 वर्ग किमी), शामली (1054 वर्ग किमी), श्रावस्ती (1126 वर्ग किमी) और हापुड़ (660 वर्ग किमी) से अधिक है।
नए जिले का नाम होगा अटल नगर
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से बाह 14 किमी दूर पर है। यहीं से होकर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे भी प्रस्तावित है। इस आधार पर तहसील स्तर से ‘अटल नगर’ को क्षेत्रफल के हिसाब से नया जिला बनाने की संस्तुति की गई है। इसकी आबादी 7.5 लाख से अधिक होगी। प्रस्तावित जिले का मुख्यालय राजकीय राजमार्ग संख्या 62 आगरा-इटावा पर स्थित बाह होगा। मीडिया से बाह के उपजिलाधिकारी अरुण कुमार यादव ने बताया कि राजस्व परिषद के निर्देश पर नए जिले का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। जल्द ही इसे जिला प्रशासन के माध्यम से परिषद को भेज दिया जाएगा।