
एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर छह निवासी अशोक कुमार सोनी की सेक्टर पांच में प्रांशु ज्वैलर्स नाम से दुकान है। 9 जुलाई को वे बेटे संदीप सोनी के साथ दुकान बंद कर घर जा रहे थे। तभी नकाबपोश बदमाशों ने फाय¨रग कर उनसे सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग लूट लिया था। वारदात में शामिल फीरोजाबाद के टूंडला निवासी विकास उर्फ विक्की बॉक्सर, हाथरस के सादाबाद में राधे की गढ़ी निवासी टीटू उर्फ सोनू, एटा के अवागढ़ निवासी अनिल उपाध्याय और हाथरस के कोतवाली निवासी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया। फीरोजाबाद के रंजीत उर्फ जीतू और सत्यवीर अभी फरार हैं।
रेकी के बाद की लूट, सीसीटीवी का था पता
जीतू और सत्यवीर ने घटना की साजिश रची थी। हथियार और गाड़ी का इंतजाम इन्हीं दोनों ने किया था। शातिरों ने अशोक सोनी की दुकान को इसलिए चुना, क्योंकि यह एकांत में थी और रिस्क बहुत कम था। दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे होने की उन्हें जानकारी थी, इसलिए यह भी तय किया गया कि वारदात दुकान के बाहर करनी है। घटना से एक माह पहले रेकी करने वाले दोनों शातिरों ने किराए का कमरा छोड़ दिया। सर्राफ से लूट के बाद सभी शातिर इंडस्ट्रियल एरिया में होते हुए शास्त्रीपुरम पुल पर पहुंचे। यहां से मथुरा के बल्देव के किसी गांव में रुककर माल बांट लिया। जीतू और सत्यवीर ने दो गुना हिस्सा लिया, क्योंकि घटना के सूत्रधार वे ही थे। बंटवारे के बाद विकास और टीटू कर्नाटक घूमने चले गए। पुलिस ने इनके कब्जे से सात लाख रुपये के गहने, एक पिस्टल, तीन तमंचे और दो मोटर साइकिल बरामद की हैं। पुलिस टीम में एसआइ अजय किशोर, एसआइ राकेश गिरी, मुख्य आरक्षी सुनील कुमार तिवारी, कांस्टेबल सर्वेश कुमार, आदेश, प्रशांत, अजय कुमार, अजय चौधरी, प्रमोद, मुन्नालाल, अवधेश, सुरेंद्र रहे।
एचसीपी का बेटा है विक्की
अलीगढ़ में तैनात एचसीपी मुन्नालाल का बेटा विक्की बॉक्सर प्रदेश स्तर पर बॉक्सिंग में दो बार गोल्ड मेडल हासिल कर चुका है। 1998 में रंजिश में बालिग होने से पहले ही वह डबल मर्डर में जेल गया। इसके बाद अपराध की दुनियां में कूद पड़ा।
Leave a comment