आगरालीक्स ..आगरा से गायब हुए छात्र को उसके दोस्त ने टिक टॉक वीडियो की मदद से ढूंढ लिया, एक दिलचस्प स्टोरी।
शमसाबाद के गांव भनपुरा निवासी 10 वीं का छात्र शिवम पुत्र मुकेश चार अगस्त को घर से बिना बताए चला गया था। मंगलवार को गांव में रहने वाले शिवम के दोस्त राजकुमार ने टिक टॉक पर एक वीडियो बनाकर अपलोड किया। शिवम ने इसे लाइक करने के साथ अपना भी एक फोटो पोस्ट किया। टिक टॉक पर पोस्ट फोटो के पीछे एक मिठाई की दुकान का नाम और इलाका लिखा हुआ था। परिजन उस फोटो को लेकर शमसाबाद थाने पहुंचे।
गूगल की ली मदद
पुलिस ने एड्रेस को गूगल पर सर्च किया, यह दिल्ली के पहाड़गंज का निकला। पुलिस परिजनों को साथ लेकर दिल्ली गई। वहां उन्हें शिवम एक मिठाई की दुकान पर मिला।
डांस करने की चाहत में छोडा घर
शिवम ने पुलिस को बताया उसे डांस का शौक है। वह डांस ग्रुप ज्वाइन करना चाहता था। इसीलिए घर से चला गया था। घर छोड़ने के बाद पहले राजस्थान के रेहना वाली माता मंदिर पर दर्शन करके आइएसबीटी आया। यहां से दिल्ली चला गया। पहाड़गंज के पास एक मिठाई की दुकान में नौकरी लग गई। एक डांस एकेडमी में डांस सीखने लगा।