आगरालीक्स …आगरा में एक कार एजेंसी में काम करने वाली युवती को पैसे देकर एक युवक को रेप के आरोप में फंसाने के लिए बुलाया गया, युवती ने थाने पर पहुंचकर युवक पर घर में रेप के आरोप लगाए, लेकिन युवक घर पर था ही नहीं, खुला मामला।
मुरादाबाद के एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया का मीडिया से कहना कि सिविल लाइंस निवासी महिला सोनू त्यागी का प्रोपर्टी को लेकर कचहरी में मुंशी राजेश त्यागी से विवाद चल रहा था। महिला सोनू त्यागी और उसके बेटे को रेप के आरोप में फंसाने के लिए साजिश रची गई। आगरा के आवास विकास कालोनी में रहने वाली युवती को 25 हजार रुपये में बुलाया गया, युवती एक कार एजेंसी में काम करती है।
पकड़ी गई युवती
साजिश के तहर किराए पर कमरा लेने के लिए युवती को सोनू त्यागी के घर भेजा गया, घर के बाहर से युवती को फोन कर पुलिस को रेप की सूचना देनी थी, लेकिन वहां भीड़ अधिक होने पर युवती पुलिस को फोन नहीं कर सकी। ऐसे में युवती सीधे थाने पहुंच गई। युवती ने थाने पर पहुंचने के बाद बताया कि उसकी नौकरी लग गई है, वह मकान किराए पर लेने के लिए सोनू त्यागी के घर पहुंची। यहां उसका बेटा और दोस्त शराब पी रहे थे उन्होंने रेप किया। पुलिस युवती को लेकर घटनास्थल पर जाने लगी लेकिन युवती रास्ता नहीं बता सकी। इसके बाद पुलिस सोनू त्यागी के घर पहुंची, उसके बेटे की मोबाइल लोकेशन चेक की गई, वह नोएडा में था।
युवती ने किया खुलासा
युवती से कड़ाई से पूछताछ की गई, युवती ने बताया कि आगरा में एक कोल्ड ड्रिंक कंपनी में काम करने वाले लवी से उसकी मुलाकात हुई थी, आर्थिक स्थिति अच्छी न होने पर लवी ने युवती को मुरादाबाद बुला लिया और 25 हजार रुपये देकर रेप का आरोप लगवाया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी राकेश त्यागी और लवी को अरेस्ट कर लिया है, राकेश त्यागी मुंशी है।