आगरालीक्स…अखिलेश यादव अब इस सीट से देंगे इस्तीफा! दोबारा होंगे चुनाव. कार्यकर्ता भी चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटे
लोकसभा चुनाव में यूपी की 37 सीटें खुद के दम पर जीतने वाली सपा के हौसले इस समय बुलंद हैं. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा ने इस बार बेहतर प्रदर्शन किया है. खुद अखिलेश यादव कन्नौज लोकसभा सीट से जीते हैं. ऐसे में हर कोई यह जानना चाहता है कि अखिलेश यादव कन्नौज लोकसभा सीट को अपने पास रखेंगे या फिर विधानसभा चुनावों में जीती करहल सीट को अपने पास रखेंगे. किस सीट पर इस्तीफा देंगे इसका आधिकारिक अनाउंस तो उन्होंने नहीं किया है लेकिन पार्टी सूत्रों से यह पक्का है कि अखिलेश यादव इस बार दिल्ली की राजनीति में अपने कदम बढ़ाएंगे यानी कन्नौज लोकसभा सीट को वह अपने पास रखेंगे और करहल विधानसभा सीट से इस्तीफा देंगे. करहल विधानसभा सीट से इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव होगा. इस सीट पर उपचुनाव में सपा से कौन लड़ेगा. यह तो बात में पता चलेगा लेकिन सपा कार्यकर्ताओं ने अभी से इस सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी जमीनी स्तर पर शुरू कर दी है.
आजमगढ़ लोकसभा सीट से दिया था इस्तीफा
बता दें कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजमगढ़ लोकसभा सीट से जीत दर्ज की थी. इसे बाद प्रदेश में 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में वे करहल सीट से चुनाव लड़े थे और जीत हासिल की. उस समय संसद में सपा सांसदों की संख्या काफी कम होने के चलते उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद पर रहते हुए विधायकों का नेतृत्व कर रहे थे.