आगरालीक्स.. आगरा में सोशल मीडिया पर चल रही भारत बंद की अफवाह के बाद अलर्ट किया गया है, आगरा में दंगा नियंत्रण स्कीम लागू कर दी है, शहर को पांच जोन और 15 सेक्टर में बांटा गया है। पुलिस द्वारा पेट्रोलिंग की जा रही है।
आगरा में सोमवार को भीड हिंसा का शिकार हुए तरबेज हत्याकांड के विरोध में प्रदर्शन के दौरान बवाल हो गया था, मंटोला में पथराव कर दिया था और दुकानें बंद करा दी थीं। इसके बाद पुलिस ने 34 को अरेस्ट कर लिया और पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोशल मीडिया पर इसको लेकर शुक्रवार को भारत बंद का आह्वान किया गया है। साथ ही अनुसूचित जाति में 17 जातियों को शामिल किए जाने का भी भीड़ जुटाने के लिए दुष्प्रचार किया जा रहा है। कुछ अनुसूचित जाति के कथित संगठन भी शामिल बताए जा रहे हैं। इसको लेकर पुलिस प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया। एडीजी अजय आनंद ने जोन के सभी जिलों के पुलिस कप्तानों के लिए दिशा निर्देश जारी कर दिए। एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि किसी भी तरह के प्रदर्शन करने और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शाम चार बजे से सभी क्षेत्रों में पुलिस मार्च शुरू कर दिया। वापस बुलाए पुलिसकर्मी
सोशल मीडिया पर भारत बंद की अपील को देखते हुए आगरा में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। जो पुलिसकर्मी छुट्टी पर गए थेए उन्हें गुरुवार को शाम तक वापस बुला लिया। बहुत से पुलिसकर्मी गुरुवार को छुट्टी स्वीकृत होने पर रवाना होने वाले थे। इनकी रवानगी रोक दी है। एसएसपी बबलू कुमार ने दोपहर में वायरलेस सेट से यह निर्देश जारी कर दिए।
डीएम एनजी रवि कुमार का कहना है कि पुलिस.प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है। बिना अनुमति जुलूस निकलाने या फिर सार्वजनिक स्थल पर कार्यक्रम करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।