आगरालीक्स.. पीएम मोदी की ताजनगरी आगरा में ट्रंप के देश से विशेषज्ञ ज्ञान लेने आ रहे हैं, डॉ एमएस अग्रवाल ने यूरोलॉजी सोसायटी के सचिव डॉ जॉन डेन्सटेड को मिनिमल इनवेसिव पीसीएनल विधि की जानकारी दी।
मंगलवार को विश्व की सबसे बड़ी यूरोलॉजी विशेषज्ञों की संस्था अमेरिकन यूरोलॉजी सोसायटी के सचिव डॉ जॉन डेन्सटेड ने आज रेनबो हॉस्पिटल में चिकित्सा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट एवं इंडियन यूरोलॉजी सोसायटी के अध्यक्ष डॉ मधुसूदन अग्रवाल के विशेष आग्रह पर वे आगरा आए थे। एक संयुक्त बैठक में डॉ मधुसूदन अग्रवाल और डॉ जॉन डेन्सटेड ने भारत और अमेरिका की आधुनिक यूरोलॉजी तकनीकों और उनके आदान-प्रदान पर चर्चा की। डॉ मधुसूदन ने उन्हें मिनिमल इनवेसिव पीसीएनल विधि और आगरा से इसके विश्व के कई देशों में प्रसारण के बारे में बताया। डॉ जॉन ने भी वर्तमान में अमेरिका में इस्तेमाल हो रहीं आधुनिक तकनीकों के बारे में बताया, साथ ही मई 2020 में अमेरिका के वॉशिंगटन शहर में होने वाले यूरोलॉजी विशेषज्ञों के अंतराष्ट्रीय सम्मेलन में मिनिमल इनवेसिव पीसीएनल तकनीक पर एक विशेष सत्र आयोजित करने के लिए डॉ मधुसूदन अग्रवाल को आमंत्रित किया। इस बीच डॉ मधुसूदन अग्रवाल के साथ डॉ जॉन ने रेनबो हॉस्पिटल के प्रमुख डॉ जयदीप मल्होत्रा एवं डॉ नरेंद्र मल्होत्रा से भी मुलाकात की और अस्पताल की कार्यविधियों को गहराई से जाना। उन्होंने संस्थान के तमाम विभागों का बारीकी से मुआयना किया और अमेरिका एवं भारत के अस्पतालों का एक तुलनात्मक अध्धयन करते हुए निजी क्षेत्र के बदलावों, सुधारों, सुविधाओं, सेवाओं में बढोत्तरी पर चर्चा की।