आगरालीक्स… आगरा में सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने पहुंची टीम पर पथराव कर दिया, इससे भगदड मच गई, लेखपाल से अभद्रता की, कई थानों का फोर्स पहुंचने के बाद ही अवैध निर्माण को ढहाया गया। पक्के मकानों को तीन दिन में खाली करने की चेतावनी दी है।
मधुनगर स्थित फूलबाग में राजकीय आस्थान की सात हजार वर्गगज जमीन पर अवैध कब्जा है। गुरुवार सुबह 11.45 बजे एसडीएम सदर रजनीश मिश्रा, प्रभारी उप नगरायुक्त अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी मधुनगर पहुंचे। टीम ने एक बाड़े को ध्वस्त कर दिया। सैन्यकर्मी मनोज चाहर के मकान की बाउंड्रीवाल गिराने लगे। यह देख मनोज के परिवार की महिलाएं घर से बाहर निकल आई। विमला देवी ने जेसीबी पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इससे ड्राइवर जेसीबी छोड़कर भागने लगा। अधिकारियों ने किसी तरीके से हालात संभाले। विमला व एक अन्य महिला को पुलिस ने हिरासत में लेकर सदर थाने भेज दिया। इस बीच सैन्यकर्मी मनोज गाड़ी से पहुंच गया और अधिकारियों को हड़काना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसके उकसाने पर वहां मौजूद लोगों ने अधिकारियों पर पथराव शुरू कर दिया।
लेखपाल पर लगाए आरोप
लेखपाल गोविंद नारायण शुक्ला से अभद्रता की। एक लाख रुपये लेकर जमीन आवंटन का आरोप लगाया। पथराव से भगदड़ मच गई। अधिकारियों ने किसी तरीके से खुद को बचाया। कई लोग चुटैल हो गए।
इसके बाद एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह सहित अन्य अधिकारी पहुंच गए। कई थानों की पुलिस भी बुला ली गई। इसके बाद मनोज के मकान की बाउंड्रीवाल ध्वस्त की जा सकी।
एसडीएम ने बताया कि सैन्यकर्मी मनोज चाहर ने लोगों को भड़काने का कार्य किया है। बचे हुए लोगों को मकान, दुकानें और बाड़े खाली करने के लिए तीन दिनों की मोहलत दी गई है। एसपी सिटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।