आगरालीक्स .(Agra News 15th February 2022)...आगरा के सांसद व मंत्री एसपी सिंह बघेल के काफिले पर हमला, पत्थर फेंके, लाठी डंडे बरसाए और धूल फेंकी।
आगरा के सांसद केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल करहल, मैनपुरी विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं। इस सीट पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा और सपा की तरह से हॉट सीट पर चुनाव प्रचार में जुबानी जंग चल रही है। ऐसे में मंगलवार रात को भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल करहल विधानसभा क्षेत्र के पैरार शाहपुर में प्रचार कर लौट रहे थे।

पत्थर फेंक और लाठी डंडे बरसाए
पैरार शाहपुर से लौटते समय एसपी सिंह बघेल के काफिले पर गांव अतिकुल्लापुर के पास खेतों से पथराव होने लगा। खेतों से निकले लोगों ने काफिले पर धूल फेंकना शुरू कर दिया। इसके बाद काफिले को घेर लिया और लाठी डंडे गाड़ियों पर बरसाए।
पथराव करने वालों के खिलाफ तहरीर
भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल के काफिले पर पथराव की सूचना पर भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। एसपी सिंह बघेल ने पुलिस अधिकारियों को हमले की जानकारी दी और थाने पर पहुंच गए हैं। थाने पर तहरीर दी जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।