आगरालीक्स… आगरा में एमजी रोड पर टेम्पो, ई-रिक्शा पर रोक लगाने से एमजी रोड पर जाम की स्थिति कम नजर आई लेकिन शहर के बाजारों में जाम की समस्या गहरा गई। एमजी रोड पर खटारा सिटी बसों में पैर रखने को जगह नहीं मिली, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर की लाइफ लाइन एमजी रोड पर जाम की समस्या को देखते हुए एसपी सिटी ने ठेल-ढ़केल, टेंपो, ई-रिक्शा औऱ मोटर चालित रिक्शा पर आज से प्रतिबंध लगा दिया है। शहर की सड़कों पर आज ट्रेफिक पुलिस ने इसका सख्ती के साथ पालन भी कराया, जिसके कारण भगवान टाकीज से प्रतापपुरा की ओर आने-जाने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को कई-कई किलोमीटर तक पैदल ही गंतव्य की ओर जाना पड़ गया।
सिटी बसों में नहीं थी पैर रखने को जगह
शहर में सिटी बस सेवा की हालत बदतर चल रही है। एमजी रोड पर करीब दो दर्जन बसें दौड़ रही हैं। यह बसें भी करीब दो दशक पुरानी है और खटारा हालत में हैं। बसें भी नियमित अंतराल के अंदर स्टॉपेज पर नहीं पहुंचती हैं, जिसकी वजह से लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। सिटी बस स्टॉपेज पर आकर रुकीं भी तो उसमें इतनी जगह नहीं थी कि लोग चढ़ सकें। लोग एक दूसरे के ऊपर बुरी तरह से सटे हुए थे। सिटी बस में पैर रखना भी मुश्किल हो रहा था।
अतिरिक्त सिटी बसें चलाने की जरूरत
शहर के लोगों का कहना था कि एमजी रोड पर सख्ती से प्रतिबंध लागू करने के स्थान पर अतिरिक्त सिटी बस चलवाई जातीं तो लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। वर्तमान में जो सिटी बसें एमजी रोड पर दौड़ रही हैं वह इस रूट के लिए नाकाफी हैं क्योंकि भगवान टाकीज से ईदगाह, कैंट आदि स्थानों पर जाने के लिए आगरा के बाहर से आने वाले लोग भी इन्ही बसों का सहारा लेते हैं। लेकिन कम बसों के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ी।
शहर के घने बाजारों में रहे जाम के हालात
शहर के यमुना किनारा रोड, लोहामंडी बोदला मार्ग पर कार्य चलने के कारण वाहन चालकों को घूम कर गंतव्य के लिए जाना पड़ रहा है, जिससे अन्य मार्गों पर जाम के हालात पैदा हो रहे हैं। अब एमजी रोड पर रिक्शा और ई-रिक्शा पर रोक से शहर के अंदरूनी बाजारों से होकर रिक्शा जा रहे हैं, जिससे लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया।