आगरालीक्स…आगरा रीजन में बैंक के फील्ड अफसर की गोली मारकर हत्या. एक महीने पहले ही लगी थी नौकरी
आगरा मंडल के फिरोजाबाद में एचडीएफसी बैंक में फील्ड अफसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. युवक बाइक से अपने घर जा रहा था कि पीछे से अज्ञात लोगों ने उसको गोली मार दी. गोली कंधे पर लगी जिससे वो असंतुलित होकर गिर पड़ा. घायल युवक को सरकारी ट्रॉमा सेंटर में ले जाया गया जहां से आगरा रेफर कर दिया गया. आगरा पहुंचने से पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
रसूलपुर और बसईमोहम्मदपुर के बीच का मामला
थाना बसई मोहम्मदपुर के गांव गाजीपुर में 25 साल का शिवम रहता था. शिवम की एक महीने पहले ही एचडीएफसी बैंक में नौकरी लगी थी. वह फील्ड अफसर के रूप में कार्यरत था. बताया जाता है कि सोमवार रात करीब आठ बजे वह बैंक से अपने घर के लिए बाइक से जा रहा था. रसूलपुर थाना क्षेत्र के गांव खंजापुर के पास पहुंचा तभी पीछे से हमलावरों ने गोली चला दी. गोली शिवम के कंधे पर लगी जिससे वो मौके पर ही गिर पड़ा.

सूचना पर पहुंचे परिजन और पुलिस ने उसे सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले गए जहां से आगरा रेफर कर दिया गया. आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में पहुंचने से पहले ही युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया. शिव आगरा गेट स्थित एचडीएफसी बैंक में कार्यरत था. पुलिस का कहना है कि कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं. मामले की जांच की जा रही है.