आगरालीक्स…(5 January 2022 Agra News) कोरोना को लेकर कांग्रेस का बड़ा फैसला. यूपी सहित सभी चुनावी राज्यों में रद की बड़ी चुनावी रैलियां. देश के 8 राज्य बने कोरोना के हॉट स्पॉट.
पहली बार दुनिया में एक दिन में आए 25.2 लाख मामले
देश में कोरोना का ग्राफ बहुत तेजी से एक बार फिर से बढ़ने लगा है. ओमिक्रॉन के साथ कोरोना की तीसरी लहर की दस्तक लगभग हो चुकी है. ऐसे में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश के 8 राज्य कोरोना के हॉटस्पॉट बने हुए हैं और ये राज्य चिंता का विषय हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि चार जनवरी को पूरी दुनिया में 25.2 लाख मामले कोरोना के सामने आए हैं. यह महामारी की शुरुआत के बाद से एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है. इसके कुल मामले के 65 फीसदी मामले अमेरिका, यूके, फ्रांस, इटली और स्पेन में मिले हैं. उन्होंने बताया कि देश में भी पिछले आठ दिन के अंदर कोरोना के मामले 6.3 फीसदी तक बढ़ गए हैं. उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र, दिल्ली, केरल, गुजरात, कर्नाटक, झारखंड, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में स्थिति चिंताजनक है.

कांग्रेस का बड़ा कदम—चुनावी रैलियां रद की
इधर यूपी सहित कई राज्यों में चुनाव भी होने हैं. राजनीतिक पार्टियां लगातार चुनावी जनसभाएं व रैलियां आयोजित कर रही हैं, लेकिन बढ़ते कोरोना के केसों को देखते हुए कांग्रेस ने साहसिक कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश सहित सभी चुनावी राज्यों में अपनी चुनावी रैलियों को निरस्त कर दिया है. पार्टी ने यूपी में अपनी ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान के तहत होने वाली सभी रैलियां रोक दी हैं. बता दें कि मंगलवार को बरेली में हुए मैराथन में भगदड़ मच गई थी जिसमें कइयों के चोटें आई थीं. इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि कोरोना उनके घर में भी पहुंच गया है जिससे उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है.