आगरालीक्स…तोरा चौकी कांड पर बोले सपा प्रदेश अध्यक्ष—भाजपा सरकार करा रही अवैध खनन. बेकसूर लोगों का हो रहा है उत्पीडन.
मृत युवक के परिजनों को दिया दो लाख का चेक
तोरा चौकी कांड में युवक की मौत के बाद हुए बवाल पर अब राजनीति शुरू हो गई है. सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल गुरुवार को मृत युवक के गांव करवना पहुंचे. यहां उन्होंने मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये का चेक सौंपा और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने भाजपा सरकार पर अवैध खनन कराने का अरोप लगाया. यही नहीं उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुदृों से हटाकर लोगों को उलझा रही है. उन्होंने तोरा चौकी कांड प्रकरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस करवना सहित आसपास के ग्रामीणों का उत्पीडन कर रही है. ये सब बेकसूर हैं. पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में दहशत है, लेकिन समाजवादी पार्टी ऐसा नहीं होने देगी. उन्होंने राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन के हाथों मृतक के परिजनों को दो लाख का चेक दिलवाया और कहा कि सपा पूरी तरह से ग्रामीणों और किसानों के साथ है. इस दौरान जिलाध्यक्ष रामगोपाल बघेल, महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार, सौरभ गुप्ता, पुष्पेंद्र शर्मा, तेजपाल यादव, गौरव यादव, राजपाल यादव, मुकेश यादव, ममता टपलू आदि मौजूद रहे.