आगरालीक्स… संजय लीला भंसाली की मूवी ‘पद्मावती का विरोध आगरा में भी होने लगा है, भदावर राज घराने और पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह का कहना है कि सेंसर बोर्ड पद्मावती के प्रदर्शन पर रोक लगाए।
बुधवार को भदावर हाउस में पत्रकार वार्ता में भाजपा नेता व पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह ने कहा कि निर्देशक संजय लीला भंसाली अपने फायदे के लिए इतिहास को तोड़ मरोड़ के पेश कर रहे हैं। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संजय लीला भंसाली ‘जौहर किसे कहते हैं, शायद यह नहीं जानते। फिल्म बनाना अच्छी बात है। उनके पिता भी एक निर्देशक थे, लेकिन अपने फायदे के लिए समाज को बदनाम करना गलत है। उन्होंने सेंसर बोर्ड के सदस्यों से मांग की है कि यदि फिल्म में महारानी पद्मावती के बारे में कुछ भी आपत्तिजनक है तो इसे हटाया जाए। जयपुर में शूटिंग के दौरान ही संजय लीला भंसाली के साथ अभद्रता हुई थी। तब से फिल्म विवादों में है। धीरे-धीरे यह विरोध बढ़ता ही जा रहा है। वहीं अखिल भारतीय क्षत्रिय समाज ने सभी जनपदों से फिल्म के बहिष्कार की बात कही गई है।
‘मैं इस फिल्म का बहिष्कार करता हूं
पद्मावती मूवी को लेकर सोशल मीडिया पर विरोध किया जा रहा है, ‘मैं इस फिल्म का बहिष्कार करता हूं इस पर हजारों लोग अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं।