आगरालीक्स… आगरा के भाजपा को हराने के लिए विधायक ने मतदाता सूची से नाम काटने के आरोप लगाए हैं। भाजपा और बसपा पदाधिकारियों में नोकझोक हुई।
आगरा में मतदाता सूची में नाम जोडे जा रहे हैं, शनिवार को सदर तहसील में मतदाता सूची का काम चल रहा है। यहां आगरा छावनी से भाजपा विधायक डॉ जीएस धर्मेश मतादताओं के नाम सूची में शामिल करवाने के लिए पहुंचे। वहां लाइन में लगे लोगों ने बताया कि छावनी विधानसभा के बूथ संख्या 230 पर कई मतदाताओं के नाम गलत ढंग से काट दिए गए हैं।
फार्म 7 ऐसे भी जिन्हें किसी एक ही व्यक्ति ने भरा है और उसी के आधार पर नाम काटे गए हैं। इस पर भाजपा विधायक और उनके समर्थकों ने हंगामा किया।
बसपा और भाजपा कार्यकर्ताओं में नोंकझोक
सदर तहसील में बसपा आगरा सुरक्षित सीट से प्रत्याशी मनोज सोनी भी पहुंच गए। मतदाताओं के नाम काटे जाने पर भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि तहसील के कर्मचारी और बीएलओ पर भाजपा के खिलाफ साजिश करके वोट काट रहे हैं। इस पर बसपा के किसी पदाधिकारी ने भाजपा के खिलाफ टिप्पणी कर दी। इसे लेकर वहां कार्यकर्ताओं के बीच नोंकझोक हो गई।
मीडिया से एसडीएम सदर अभिषेक सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जिस किसी ने वोट काटे हैं या जोड़े उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जो नाम काटे गए हैं यदि वह गलत कटे हैं तो जोड़े जाएंगे।