आगरालीक्स… चांदी की कीमतें एकबार फिर ऊंचाइयों पर पहुंच गई है, जबकि सोना एक बार फिर 50 हजार के ऊपर निकल गया है। सेंसेक्स रोज नए रिकॉर्ड कायम कर रहा है। अर्थशास्त्रियों का कहना है कि अभी आम निवेशक इससे दूर रहें तो बेहतर है।
शादी-विवाह के सीजन में सोना पचास हजार से नीचे और चांदी साठ हजार से नीचे आने के बाद एक बार फिर ऑफ सीजन में फिर तेजी पर आ गई है। वायदा बाजार में सोना आज सुबह 50,319 रुपये प्रति दस ग्राम के भाव पर खुला, जो दोपहर तक 50,190 रुपये प्रति दस ग्राम पर चल रहा था। इसी प्रकार चांदी आज सुबह 68,170 रुपये प्रति किलो के भाव पर खुली जो मामूली गिरावट के बाद 67,543 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई थी।
सेंसेक्स रिकॉर्ड 47,026 के स्तर पर पहुंचा
शेयर बाजार के आज हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स 136 अंकों की तेजी के साथ रिकॉर्ड 47,026 पर खुला, इसी तरह नेशनल एक्सचेंज का निफ्टी 24 अंकों की तेजी के साथ 13,764.60 पर खुला। हालांकि बाद में बाजार लाल निशान पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान गिरते हुए सेंसेक्स 46,630.31 के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी 13,658.60 पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में 905 शेयरों में तेजी और 504 शेयरों में गिरावट आई है। आईटी इंडेक्स में खऱीदारी और मेटल में बिकवाली देखी गई। निफ्टी में नुकसान उठाने वाले प्रमुख शेयरों में ओएनजीसी, टाटा मोटर्स, जेएस डब्ल्यू स्टील और इंडस्ड इंड बैंक और एचडीएफसी बैंक शामिल हैं।
शेयर बाजार से अभी आम निवेशक दूर रहें तो बेहतर
आगरा कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डा. शरद भारद्वाज का कहना है कि शेयर बाजार में कृत्रिम तेजी आई है क्योंकि अभी न तो जीडीपी बेहतर और न ही प्रोडेक्शन अच्चा हो रहा है लेकिन भविष्य को लेकर शेयर बाजार उत्साहित है। अगर कुछ अलग न हुआ तो अगले वर्ष के प्रथम तीन माह में सेंसेक्स 50 हजार के रिकॉर्ड स्तर को भी छू सकता है। उन्होंने कहा कि आम निवेशक शेयरों में निवेश से दूर रहे तो बेहतर है। इससे ज्यादा मुफीद म्यूचल फंड हैं, जिसमें उसमें अच्छा रिर्टन मिल सकता है।
कोराना वैक्सीन आने पर गिरेंगे सोने-चांदी के भाव
सोने-चांदी की कीमतें वर्तमान में सटोरियों के कारण तेज चल रही हैं। कोरोना वैक्सीन के बाजार में आने के बाद सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आएगी।