यूपीलीक्स…यूपी में तस्कर के घर से 3 करोड़ से अधिक का कैश, गांजा और स्मैक मिला. पुलिस कर्मी रुपये गिनते—गिनते थक गए…जेल से चल रहा था तस्करी का नेटवर्क. पत्नी, बेटा और बेटी अरेस्ट
यूपी के प्रतापगढ़ से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पुलिस ने यहां एक तस्कर के खिलाफ कार्रवाई की है. जेल में बंद गैंग सरगना राजेश मिश्रा के ठिकाने पर छापा मारा. दबिश के दौरान पुलिस ने उसके घर से ₹2,01,55,345 नकद, 6.075 किलोग्राम गांजा तथा 577 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद की। इस कार्रवाई में गिरोह की सरगना की पत्नी रीना मिश्रा, पुत्र विनायक मिश्रा, पुत्री कोमल मिश्रा, रिश्तेदार अजीत कुमार मिश्रा व यश मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत ₹3 करोड़ से अधिक आंकी गई है। इसके पहले भी राजेश और रीना के यहां ₹3,06,26,895.50/- की कुर्की की जा चुकी है। कैश को गिनते—गिनते पुलिसकर्मी भी थक गए।

जेल से चल रहा था तस्करी का नेटवर्क
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि जांच में पता चला कि गिरोह का संचालन जेल में बंद राजेश मिश्रा द्वारा अपने परिवार के माध्यम से किया जा रहा था, जो नशे के कारोबार का नेटवर्क गांव और आस-पास के क्षेत्रों तक फैला चुका था। दबिश के दौरान जब पुलिस टीम घर पहुंची तो अभियुक्ता रीना मिश्रा ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। जब दरवाजा खोला गया, तो वहां अंदर पांच लोग काले पन्नियों में मादक पदार्थ छिपाने का प्रयास करते मिले। तलाशी में गांजा, स्मैक और ₹2.01 करोड़ से अधिक नकदी बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से नाजायज मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं और जेल में बंद राजेश मिश्रा इस गिरोह को जेल से ही निर्देश देता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रीना मिश्रा व उसके पुत्र विनायक मिश्रा ने अपने पति राजेश मिश्रा की जेल से जमानत कराने के लिए एक व्यक्ति के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर अदालत में प्रस्तुत किए और धोखाधड़ीपूर्वक जमानत स्वीकृत कराई। इस मामले में थाना मानिकपुर पर मु.अ.सं. 239/25 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 3(5), 61(2), 234, 235 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्ता रीना मिश्रा के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट व एनडीपीएस एक्ट समेत कई प्रकरण पहले से दर्ज हैं। वहीं, उसका पुत्र विनायक मिश्रा भी हाल में एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में अभियुक्त है। पूर्व में थाना मानिकपुर पर पंजीकृत मु0अ0सं0–67/2025 धारा 2/3 उ0प्र0 गिरोहबंद एवं असामाजिक गतिविधि (निवारण) अधिनियम के अंतर्गत अभियुक्त/गैंग लीडर राजेश मिश्रा पुत्र रामजी मिश्रा एवं उसकी पत्नी श्रीमती रीना मिश्रा निवासी ग्राम मुन्दीपुर थाना मानिकपुर जनपद प्रतापगढ़ की अवैध स्रोतों से अर्जित चल-अचल संपत्तियाँ, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3,06,26,895.50/- है, वैधानिक प्रक्रिया के अंतर्गत कुर्क की जा चुकी है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि यह कार्रवाई संगठित गिरोह और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है और इस तरह के अपराधियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है अभी संभव है कि कुछ और अभियुक्तों पर कारवाई हो।
बरामदगी: कारवाई के दौरान कुल नकद धनराशि ₹2,01,55,345/- (रुपये दो करोड़ एक लाख पचपन हजार तीन सौ पैंतालीस मात्र), गांजा कुल 6.075 किलोग्राम कीमत लगभग 303750 तथा स्मैक (हेरोइन) कुल 577 ग्राम कीमत 11540000 रुपये बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण-
- रीना मिश्रा पत्नी राजेश मिश्रा नि0 मुन्दीपुर थाना मानिकपुर प्रतापगढ़ उम्र 40 वर्ष ।
- विनायक मिश्रा पुत्र राजेश मिश्रा नि0 मुन्दीपुर थाना मानिकपुर प्रतापगढ़ उम्र 19 वर्ष ।
- कोमल मिश्रा पुत्री राजेश मिश्रा नि0 मुन्दीपुर थाना मानिकपुर प्रतापगढ़ उम्र 20 वर्ष ।
- यश मिश्रा पुत्र अजीत कुमार मिश्रा नि0 मुन्दीपुर थाना मानिकपुर प्रतापगढ़ उम्र 19 वर्ष
- अजीत कुमार मिश्रा पुत्र पवन कुमार मिश्रा नि0 मुन्दीपुर थाना मानिकपुर प्रतापगढ़ उम्र 32 वर्ष ।