आगरालीक्स.. आगरा में एक होटल में कारोबारी के शादी समारोह के दौरान कैश और ज्वैलरी से भरा सूटकेस शातिरों ने चुरा लिया, होटल के सीसीटीवी में यह कैद हो गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है, सीसीटीवी से चोरों की पहचान की जा रही है। कारोबारी ने मुकदमा दर्ज करा पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज उपलब्ध कराई है।
बीड़ी-गुटका के कारोबारी धौलपुर के हनुमान जी जेल रोड निवासी मनोज गुप्ता का की भतीजी का सोमवार रात को ताजगंज के अकबर गार्डन में शादी समारोह था। मध्य रात्रि स्टेज पर मिलाई कार्यक्रम चल रहा था। मनोज के मुताबिक लोगों से उपहार में मिले ढाई लाख से अधिक रुपये और 15 तोला सोने के आभूषण सूटकेस में रखे थे। जिसे उन्होंने स्टेज पर अपने पास रख दिया। इस बीच 12 और 15 साल के दो बच्चे भी स्टेज पर आ गए। लड़का-लड़की पक्ष ने उन्हें एक-दूसरे का रिश्तेदार समझ ध्यान नहीं दिया। इस बीच उनकी नजर सूटकेस वाली जगह पर गई तो वह गायब था।
15 सेकेंड में सूटकेस चोरी
दोनों पक्षों ने सूटकेस की खोजबीन शुरू कर दी। वहां लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालीं तो दोनों लड़के सूटकेस लेकर मैरिज होम से बाहर जाते दिखाई दिए। 15 सेकेंड में सूटकेस चोरी करने के बाद बच्चे होटल से बाहर निकल गए। दोनों की तलाश में आसपास का पूरा इलाका छान मारा, लेकिन उनका पता नहीं लग सका।