आगरालीक्स….. बीटेक, बीआर्क, बीपफार्मा, एमबीए सहित उत्तर प्रदेश प्राविधिक विवि यूपीटीयू की 12 मई से शुरू हुई सेमेस्टर परीक्षाओं में नकल हो रही है। इसके लिए परीक्षा नियंत्रक और नोडल प्रभारी ने लाखों की सौदेबाजी की है। धांधली से केंद्रों पर उसी कॉलेज के शिक्षकों को ग्रुप लीडर बना दिया है, जिसके छात्र परीक्षा दे रहे हैं। सिर्फ सचदेवा कॉलेज, जहां हिंदुस्तान कॉलेज आॅफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के छात्र परीक्षा दे रहे हैं, वहां आगरा कॉलेज इंजीनियरिंग संकाय के अमित रावत को ग्रुप लीडर बनाया गया है। उनका आरोप है कि 12 से 15 मई के बीच परीक्षा में नौ नकलची पकडने पर उन्हें छोडने का दबाव बनाया गया। कई छात्र मोबाइल से नकल कर रहे थे। इससे इन्कार करने पर उन्हें ग्रुप लीडर के पद से हटा दिया गया है। आरबीएस इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक और नोडल केंद्र प्रभारी डॉ एपी सिंह और परीक्षा नियंत्रक डॉ बीएन मिश्रा पर उन्होंने नकल कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। यूपीटीयू के कुलपति ओमकार सिंह यादव का कहना है कि यह गंभीर मामला है, इसमें आरोपी परीक्षा नियंत्रक, नोडल प्रभारी को हटाया जाएगा।
Leave a comment