आगरालीक्स…अमरनाथ गुफा के पास बादल फटा. दस लोगों की मौत की सूचना. आगरा के कई लोग गए हैं अमरनाथ यात्रा पर. परिजन चिंतित, फोन पर ले रहे हालचाल
अमरनाथ गुफा के पास शुक्रवार शाम को बादल फटने की खबर है. घटना शाम पांच बजकर 30 मिनट पर हुई है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जिस समय घटना हुई उस समय वहां पर 10 से 15 हजार श्रद्धालु मौजूद थे. अभी तक के अपडेट के अनुसार घटना में तीन महिलाओं सहित दस लोगों की मौत की सूचना है हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. राहत और बचाव कार्य जारी है. 35 से 40 श्रद्धालुुओं के अब भी फंसे होने की खबर है. बताया जाता है कि जहां बादल फटा वहां से बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा एक से दो किलोमीटर के दायरे में ही है. पहाड़ों से तेज बहाव के साथ आए पानी से श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए करीब 25 टेंट और दो से तीन लंगर बह गए. पूरे इलाके में तेजी से पानी भर गया और कई लोग इसकी चपेट में आ गए. कई श्रद्धालुओं के लापता होने की खबर है. घटना के तुरंत बाद सेना, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ जम्मू कश्मीर पुलिस की टीम ने रेस्क्यू शुरू कर दिया है. घायलों को एयरलिफ्ट के जरिए अस्पताल ले जाया जा रहा है. इधर पीए मोदी ने भी उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की और हादसे पर दुख जताया.

आगरा से कई यात्री गए हैं अमरनाथ
बता दें कि आगरा से भी कई यात्री अमरनाथ यात्रा के लिए गए हुए हैं. शाम को बादल फटने और लोगों की मौत की जानकारी मिलते ही यहां रहने वाले परिजन अमरनाथ यात्रा पर गए अपने लोगों का हालचाल लेने के लिए लगातार फोन कर रहे हैं और वहां की स्थिति के बारे में पूरी जानकारी कर रहे हैं.