
सोमवार को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव हेलीकॉप्टर से मथुरा पुलिस लाइन पहुंचे, वे यहां से सीधे शहीद एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी के घर गए। वहां उनके परिजनों से उन्होंने वार्ता की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने शहीद एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी की पत्नी, उनके पिता और मां से वार्ता की। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि शहीद मुकुल द्विवेदी के परिजन और सुविधा चाहते हैं, उन्हें हमारी सरकार मुहैया कराएगी। उन्होंने कहा कि जहां कहा जाएगा वहां जाबांज पुलिस कर्मियों की याद में स्मारक बनाया जाएगा। वे करीब सवा घंटे मथुरा में रहे और 12. 15 पर रवाना हो गए।
खून खराबे के बिना करना था जवाहर बाग खाली
2 जून को मथुरा में जवाहर बाग खाली कराने के लिए पुलिस कर्मी पहुंचे थे, वहां मास्टर माइंड राम व्रक्ष यादव और उसके समर्थकों ने हमला बोल दिया था। एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी की पीट पीट कर हत्या कर दी और एसओ फरह संतोष यादव सिर में गोली लगने से शहीद हो गए थे। इस प्रकरण में 27 उपद्रवियों की भी हत्या हुई है। इस पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जवाहर बाग खाली कराने के लिए पुलिस पहुंची थी, बाग को खाली कराने की हमारी मंशा थी। मगर वहां मौजूद महिलाओं और बच्चों को कोई नुकसान न हो, इसका ध्यान रखना था।
दोषियों पर होगी कार्रवाई
आॅपरेशन जवाहर बाग में चूक हुई है, यह चूक किस स्तर पर हुई और कैसे हुई। इसकी न्यायिक जांच कराई जा रही है। इसमें साफ हो जाएगा कि दोषी कौन हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment