आगरालीक्स …आगरा में कोरोना की तीसरी लहर का आगाज हो चुका है। डीएम प्रभु एन सिंह का कहना है कि 10 दिन में तेजी से केस बढ़ सकते हैं। बच्चे, बुजुर्ग और बीमार घर पर ही रहें। स्कूलों से लेकर बाजारों के लिए सख्त नियम..
आगरा में 48 घंटे में कोरोना के 32 केस मिले हैं और एक्टिव केस 57 हो गए हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया है। कोरोना के केस लगातार बढ़ने पर इसे कोरोना की तीसरी लहर माना जा रहा है, इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।

10 दिन हैं अहम, बढ़ सकते हैं केस, डीएम
डीएम प्रभु एन सिंह का मीडिया से कहना है कि अगले 10 दिन अहम हैं, इन 10 दिनों में कोरोना के केस तेजी से बढ़ सकते हैं। कोरोना के केस बढ़ने पर क्या किया जाए, इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। नगर निगम स्थित स्मार्ट सिटी के कोविड कमांड सेंटर को सक्रिय कर दिया गया है। यहां संपर्क कर कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के साथ ही हॉस्पिटल में बेड की उपलब्धता और आक्सीजन की उपलब्धता की जानकारी ले सकते हैं।
स्कूलों में छह फीट की शारीरिक दूरी अनिवार्य
सरकारी स्कूलों में कक्षा आठ तक के छात्रों की 14 जनवरी तक छुटटी हैं। जबकि नौ से 12 वीं तक के छात्रों के लिए स्कूल में पढ़ाई के दौरान छह फीट शारीरिक दूरी रखनी होगी। इसकी जांच भी कराई जाएगी। इस नियम का पालन सरकारी के साथ ही कान्वेंट और मिशनरी स्कूलों को करना होगा। स्कूलों में छुटटी के समय बच्चे एक साथ एकत्रित न हों, इसका स्कूलों को ध्यान रखना होगा। स्कूल बसों को सैनेटाइजर करना होगा और मास्क पहनकर जाने पर ही कॉलेज में प्रवेश दिया जाएगा।
कई स्कूलों में कक्षा पांच तक आनलाइन क्लासेज
कई कान्वेंट स्कूलों ने अपने स्तर से ही कक्षा पांच तक के छात्रों के लिए आनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी हैं। जिससे कोरोना के संक्रमण से बच्चों को बचाया जा सके।